कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में सोमवार शाम होने वाले IPL 2026 के मुकाबले पर मौसम का साया मंडरा रहा है। पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाला यह अहम मुकाबला बारिश और तूफान की भेंट चढ़ सकता है। मौसम विभाग ने कांगड़ा समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है और मैच के दौरान भी बारिश की संभावना जताई गई है।

 

शाम 7:30 बजे शुरू होने वाले इस मुकाबले से पहले ही धर्मशाला में मौसम ने करवट ले ली है। बीती रात धर्मशाला सहित हिमाचल के कई हिस्सों में तेज बारिश और तूफान देखने को मिला।

मैच के दौरान बारिश का खतरा

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार शाम को धर्मशाला में बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऐसे में मैच के टॉस में देरी या ओवरों में कटौती की आशंका बनी हुई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 10वीं में कंपार्टमेंट आने से टूट गया 15 वर्षीय अमन, रिजल्ट देख उठाया गलत कदम- हुई मौ*त

 

हालांकि धर्मशाला स्टेडियम का ड्रेनेज सिस्टम देश के बेहतरीन सिस्टमों में गिना जाता है, लेकिन लगातार बारिश होने पर मैच प्रभावित हो सकता है। फिलहाल पिच और आउटफील्ड को बचाने के लिए कवर्स बिछा दिए गए हैं।

ठंडा हुआ धर्मशाला का मौसम

बारिश के बाद धर्मशाला में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। रात के तापमान में करीब 2 डिग्री की कमी आई है, जबकि दिन के तापमान में भी 3 से 4 डिग्री तक गिरावट का अनुमान है। ऐसे में खिलाड़ियों और दर्शकों को मैच के दौरान ठंडे मौसम का सामना करना पड़ सकता है।

 

यह भी पढ़ें : धर्मशाला IPL मैच पर बारिश का खतरा, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी- तूफान ने बढ़ाई टेंशन

14 मई का मैच भी खतरे में

धर्मशाला में 14 मई को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच भी मुकाबला खेला जाना है। मगर उस दिन भी मौसम साफ रहने के आसार नहीं हैं। लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और तूफान का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक हिमाचल प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा। तेज बारिश, ओलावृष्टि और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।

कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ और ज्यादा मजबूत होगा, जिसके चलते चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। 13 मई को कुल्लू, शिमला और मंडी जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि कांगड़ा और चंबा में येलो अलर्ट जारी रहेगा।

 

यह भी पढ़ें : 10TH Resullt: सरकारी स्कूल की पुर्णिमा के 6 विषयों में शत प्रतिशत नंबर, 698 अंक लेकर पाया दूसरा स्थान

कई जगह नुकसान, खड्ड में फंसी गाड़ी

बीती रात हुई बारिश और तूफान का असर कई इलाकों में देखने को मिला। कांगड़ा में पेड़ गिरने से कई क्षेत्रों की बिजली बाधित हो गई। वहीं शिमला जिला के रामपुर में गानवी खड्ड का जलस्तर अचानक बढ़ने से एक बोलेरो कैंपर बीच पानी में फंस गई। सड़क भी क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर चालक और वाहन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

सामान्य से नीचे पहुंचा तापमान

लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई शहरों का तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। चंबा का अधिकतम तापमान सामान्य से 6.7 डिग्री कम दर्ज किया गया।नाहन, शिमला और सोलन में भी तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक ठंडक और बारिश का दौर जारी रह सकता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें