शिमला। हिमाचल प्रदेश के राशन उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जुलाई महीने के राशन के साथ अब उपभोक्ताओं को सरसों का तेल भी उपलब्ध करवाया जाएगा। राज्य नागरिक आपूर्ति निगम ने डिपुओं में तेल की सप्लाई पहुंचाने के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों में खेप भेजनी शुरू कर दी है। निगम का कहना है कि समय पर सप्लाई पहुंचने से उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
एक हफ्ते में कई जिलों में पहुंची सरसों तेल की खेप
निगम के प्रबंध निदेशक की रिपोर्ट के मुताबिक 23 जून से 29 जून के बीच प्रदेश के लगभग सभी प्रमुख जिलों के लिए सरसों तेल की गाड़ियां रवाना की गई हैं। इन गाड़ियों के माध्यम से सरसों तेल के डिब्बे और पाउच अलग-अलग क्षेत्रों के गोदामों तक पहुंचाए जा रहे हैं। इस पूरी सप्लाई की कीमत करोड़ों रुपये में बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री का निधन, पांच बार जीते थे MLA का चुनाव- दिल्ली में ली अंतिम सांस
मंडी, कुल्लू और लाहौल क्षेत्र में भी पूरी तैयारी
जिला खाद्य आपूर्ति निगम के मंडी, कुल्लू और लाहौल क्षेत्र के एरिया मैनेजर संजीव वर्मा ने बताया कि जुलाई महीने में सभी राशन उपभोक्ताओं को सरसों तेल उपलब्ध करवा दिया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है और सप्लाई व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
त्योहारों और मानसून सीजन में उपभोक्ताओं को नहीं होगी परेशानी
निगम का कहना है कि सरसों तेल की पर्याप्त मात्रा में सप्लाई पहुंचने से आने वाले दिनों में लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। खासकर मानसून और त्योहारों के सीजन को देखते हुए पहले से ही स्टॉक की व्यवस्था की जा रही है, ताकि प्रदेश के किसी भी हिस्से में तेल की कमी न हो।
यह भी पढ़ें : हिमाचल को 16वें वित्त आयोग से बड़ी सौगात, पहली किस्त में मिलेंगे 240 करोड़; पंचायतों की बल्ले-बल्ले
राशन डिपुओं में समय पर पहुंचेगा सरसों तेल
राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लगातार जिलों के गोदामों तक राशन सामग्री पहुंचाने में जुटा हुआ है। अधिकारियों के अनुसार उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा देने और राशन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सप्लाई चेन पर लगातार नजर रखी जा रही है। आने वाले समय में भी जरूरत के हिसाब से तेल की सप्लाई जारी रहेगी।
