शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज गर्मी और उमस के बीच रविवार को हुई हल्की बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी है। प्रदेश के कई इलाकों में बादल बरसे, जिससे मौसम थोड़ा सुहावना हो गया और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच हुई बारिश को प्रदेशवासियों के लिए राहत की खबर माना जा रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमाचल प्रदेश में अगले एक सप्ताह के अंदर मानसून दस्तक दे सकता है। वहीं, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
चार जिलों में हुई बारिश, लोगों को गर्मी से मिली राहत
रविवार को प्रदेश के चार जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सोलन शहर, सिरमौर के नाहन, कांगड़ा के धर्मशाला और ऊना जिले के हरोली क्षेत्र में बादल बरसे। इसके अलावा राजधानी शिमला में भी दिनभर मौसम खराब रहा और आसमान में बादल छाए रहे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ITI के पास नशा सप्लाई करते थे तीन युवक, पुलिस ने लाखों के चिट्टे संग किए गिरफ्तार
दोपहर बाद शिमला में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट महसूस की गई। पिछले कई दिनों से प्रदेश के मैदानी और निचले इलाकों में गर्मी का असर देखने को मिल रहा था। उमस के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। ऐसे में हुई बारिश ने लोगों को काफी राहत पहुंचाई है।
बारिश के बाद बदला मौसम का मिजाज
बारिश के चलते प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल गया है। जहां दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं से लोग परेशान थे, वहीं बारिश के बाद ठंडी हवाएं चलने लगीं। कई जगहों पर लोग बारिश का आनंद लेते नजर आए। किसानों के लिए भी यह बारिश राहत लेकर आई है, क्योंकि मानसून से पहले होने वाली बारिश फसलों के लिए फायदेमंद मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर से जरूरी काम के लिए निकला था 60 वर्षीय बुजुर्ग, जंगल में पड़ी मिली देह
हिमाचल की तरफ बढ़ रहा मानसून, जल्द दे सकता है दस्तक
मौसम केंद्र शिमला ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। अगले कुछ दिनों में मानसून उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कई हिस्सों में पहुंच सकता है। इसके बाद मानसून उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अन्य इलाकों से होते हुए हिमाचल प्रदेश की तरफ बढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार अगले सात दिनों के भीतर हिमाचल में मानसून पहुंचने की संभावना है।
अगले दो दिनों तक हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 29 और 30 जून को प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ जगहों पर तेज हवाएं चलने और आंधी आने की भी संभावना जताई गई है। हालांकि इस दौरान पूरे प्रदेश में भारी बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन मौसम में बदलाव जारी रहेगा। लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें : गजब हिमाचल: एक बाइक पर सवार थे 4 युवक, पुलिस ने सिखाया सबक; ठोका 10500 का जुर्माना
1 से 4 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 1 जुलाई से 4 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान मैदानी, निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।
प्रशासन ने भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की
बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। ऐसे में लोगों को नदी-नालों के पास जाने से बचने और अनावश्यक यात्रा से पहले मौसम की जानकारी लेने की सलाह दी गई है। मानसून की एंट्री के साथ प्रदेश में बारिश का दौर बढ़ सकता है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
