शिमला। हिमाचल प्रदेश की फल मंडियों में इस बार सेब सीजन की शुरुआत कुछ अलग अंदाज में हुई है। हर साल मंडियों में सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला सेब इस बार नाशपाती के सामने फीका पड़ता नजर आ रहा है। शिमला की भट्टाकुफर फल मंडी में मोटी डंडी किस्म की नाशपाती ने शानदार दाम हासिल कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
मोटी डंडी नाशपाती की बढ़ी मांग
बता दें कि नाशपाती के अच्छे दाम मिलने से बागवानों के चेहरे पर खुशी देखने को मिल रही है। फल कारोबारियों के मुताबिक इस बार बाजार में अच्छी गुणवत्ता, आकर्षक रंग और बड़े आकार वाली नाशपाती की काफी मांग बनी हुई है। इसी कारण व्यापारी भी मोटी डंडी नाशपाती खरीदने में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : कार के डैशबोर्ड से मिला ढेर सारा चिट्टा- पंजाबी युवती समेत छह युवक गिरफ्तार
2200 रुपये मे बिकी एक बॉक्स
भट्टाकुफर फल मंडी में मोटी डंडी नाशपाती 1000 रुपये से लेकर 2200 रुपये प्रति बॉक्स तक बिक रही है। वहीं शुरुआती दौर में टाइडमैन सेब 1100 रुपये से लेकर 2000 रुपये प्रति बॉक्स तक के भाव पर बिक रहा है।
नाशपाती ने इस बार सेब को छोड़ा पीछे
ढली मंडी आढ़ती एसोसिएशन के सचिव बीटू का कहना है कि मंडी में टाइडमैन सेब की आवक शुरू हो चुकी है। शुरुआती सेब को अच्छे दाम मिल रहे हैं और इसकी कीमत 1100 से 2000 रुपये प्रति बॉक्स तक जा रही है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा फरमान : अब शिक्षकों को देना होगा पेपर, फेल हुए तो स्कूल से...
उन्होंने बताया कि इस समय मोटी डंडी नाशपाती की मांग ज्यादा होने के कारण इसके भाव सेब से भी ऊपर चल रहे हैं। अच्छी क्वालिटी की नाशपाती के लिए व्यापारी अधिक कीमत देने को तैयार हैं।
आने वाले दिनों में बढ़ सकते हैं सेब के दाम
हालांकि सेब बागवानों के लिए अभी चिंता वाली बात नहीं है। कारोबारियों का कहना है कि शुरुआती सीजन का सेब अभी पूरी तरह तैयार नहीं माना जाता। जैसे-जैसे ऊंचाई वाले इलाकों से बेहतर रंग और स्वाद वाला सेब मंडियों में पहुंचना शुरू होगा, इसके दामों में भी मजबूती आने की संभावना है। इस समय कम आवक के बावजूद सेब को संतोषजनक दाम मिल रहे हैं, लेकिन फिलहाल मंडियों में सबसे ज्यादा चर्चा नाशपाती की ही हो रही है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में सायरन बजाती रही AMBULANCE, नहीं हटाई कैश वैन- पुलिस ने सिखाया सबक
गाला सेब की भी मंडी में एंट्री
इसी बीच भट्टाकुफर फल मंडी में गाला सेब की आवक भी शुरू हो गई है। कोटगढ़ क्षेत्र से आए गाला सेब के शुरुआती बॉक्स कारोबारियों को काफी पसंद आए। गाला सेब का हाफ बॉक्स 1600 रुपये में बिकने से बागवानों में उत्साह का माहौल है। व्यापारियों का मानना है कि जुलाई महीने से सेब सीजन पूरी तरह रफ्तार पकड़ लेगा और मंडियों में सेब की आवक तेजी से बढ़ेगी।
