शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर बिगड़ने वाला है। प्रदेश के कई हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने भारी बारिश को देखते हुए छह जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश से पहाड़ी इलाकों में लोगों की परेशानियां बढ़ सकती हैं, वहीं प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

बारिश से बदला मौसम का मिजाज

मानसून से पहले ही मौसम का असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से मौसम खराब बना हुआ है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में बारिश हो रही है। राजधानी शिमला में बीती रात जमकर बारिश हुई, जबकि आज भी सुबह से रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: महिला हेल्थ वर्कर के जज्बे को सलाम.. उफनता नाला पार कर बच्चों को पिलाई पोलिया खुराक

इन इलाकों में हुई अच्छी बारिश, शिमला में भी बरसे बादल

प्रदेश में कई जगहों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार मुरारीदेवी में सबसे ज्यादा 63.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा ब्राह्मणी में 51.4, घाघस में 50.0, स्लापड़ में 45.1, बिजाही में 45.7, हमीरपुर में 36.0 और शिलारू में 33.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। 

प्रदेश में जल्द दस्तक दे सकता है मानसून

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार हिमाचल प्रदेश में मानसून के पहुंचने के लिए परिस्थितियां लगातार अनुकूल बन रही हैं। अगले पांच दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून सक्रिय हो सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इससे नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी हो सकती है, इसलिए लोगों को मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पति के बाद जवान बेटे की मौ*त से टूटी मां, छुट्टी लेकर घर लौट रहे संजू की रास्ते में थमी सांसें

अगले दिनों में गिरेगा तापमान, मौसम रहेगा ठंडा

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। इसके बाद अगले 2 से 3 दिनों में कई इलाकों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इसके अलावा अगले 4 से 5 दिनों में अधिकतम तापमान में भी 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है। यानी आने वाले दिनों में प्रदेश के लोगों को ठंडक भरे मौसम का अनुभव हो सकता है।

कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 29 और 30 जून को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं 1, 4 और 5 जुलाई को कई क्षेत्रों में बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल से चरस लेने आए थे चार राजस्थानी दोस्त, पुलिस के हत्थे चढ़े- पहुंचे जेल

 

2 और 3 जुलाई को भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

कहां कितना दर्ज हुआ न्यूनतम तापमान

प्रदेश में मौसम ठंडा रहने के कारण कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

  • शिमला: 16.5 डिग्री सेल्सियस
  • सुंदरनगर: 22.3 डिग्री सेल्सियस
  • भुंतर: 21.2 डिग्री सेल्सियस
  • कल्पा: 13.0 डिग्री सेल्सियस
  • धर्मशाला: 19.6 डिग्री सेल्सियस
  • ऊना: 23.0 डिग्री सेल्सियस
  • नाहन: 21.6 डिग्री सेल्सियस
  • केलांग: 11.2 डिग्री सेल्सियस
  • मनाली: 16.9 डिग्री सेल्सियस
  • सोलन: 19.6 डिग्री सेल्सियस
  • कांगड़ा: 24.2 डिग्री सेल्सियस
  • मंडी: 24.5 डिग्री सेल्सियस
  • बिलासपुर: 23.0 डिग्री सेल्सियस
  • हमीरपुर: 23.9 डिग्री सेल्सियस
  • जुब्बड़हट्टी: 19.0 डिग्री सेल्सियस
  • कुफरी: 15.5 डिग्री सेल्सियस
  • नारकंडा: 13.8 डिग्री सेल्सियस
  • भरमौर: 13.0 डिग्री सेल्सियस
  • रिकांगपिओ: 16.9 डिग्री सेल्सियस