शिमला। हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की आस लगाए बैठे हजारों बेरोजगार युवाओं के लिए 13 नवंबर का दिन अहम साबित हो सकता है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में इस दिन होने वाली कैबिनेट बैठक में रोजगार और विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। ऐसे में युवाओं की निगाहें अब सरकार की इस बैठक पर टिक गई हैं। माना जा रहा है कि बैठक में भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने, नए पद सृजित करने और कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों पर भी विचार-विमर्श हो सकता है।
7 नवंबर को होनी थी बैठक, अब 13 नवंबर को होगा मंथन
सुक्खू सरकार की कैबिनेट बैठक पहले 7 नवंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन इसे स्थगित कर अब 13 नवंबर के लिए निर्धारित किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार बैठक 13 नवंबर को दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर राज्य सचिवालय के शिखर सम्मेलन हाल में होगी। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू बैठक की अध्यक्षता करेंगे। दिवाली के बाद होने वाली इस बैठक में कई विभागों के महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: शादी के 4 दिन बाद नई नवेली दुल्हन फरार, 16 लाख के गहने भी ले गई साथ
बेरोजगारों को मिल सकती है बड़ी राहत
प्रदेश के हजारों युवा लंबे समय से सरकारी विभागों में भर्ती का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में कैबिनेट बैठक में रोजगार से जुड़े प्रस्ताव सबसे अधिक चर्चा में रह सकते हैं। सरकार ने प्रदेश में 50 हजार रोजगार उपलब्ध करवाने का लक्ष्य रखा है। इसी लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को भरने और आवश्यकता के अनुसार नए पद सृजित करने के प्रस्ताव कैबिनेट के सामने रखे जा सकते हैं। हालांकि, कितने पदों पर भर्ती को मंजूरी मिलेगी और किन विभागों में नियुक्तियों का रास्ता खुलेगा, इसका फैसला बैठक में होने वाले विचार-विमर्श के बाद ही स्पष्ट होगा।
कर्मचारियों और पेंशनरों से जुड़े मामलों पर भी रहेगी नजर
कैबिनेट बैठक में केवल रोजगार ही नहीं, बल्कि सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों से संबंधित मामलों पर भी चर्चा होने की संभावना है। विभिन्न विभागों की ओर से भेजे गए प्रस्तावों पर सरकार विचार कर सकती है। इसके अलावा प्रशासनिक और विभागीय कामकाज से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे भी बैठक के एजैंडे में शामिल हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: दिवाली पर घर जाने की थी जल्दी, ट्रेन की चपेट में आया श्रमिक; क*ट गया पैर
शीतकालीन सत्र से पहले अहम होगी कैबिनेट बैठक
धर्मशाला के तपोवन में 16 से 21 नवंबर तक विधानसभा का शीतकालीन सत्र प्रस्तावित है। ऐसे में 13 नवंबर को होने वाली कैबिनेट बैठक को सत्र की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में सदन में पेश किए जाने वाले विधेयकों और अन्य विधायी मामलों पर चर्चा हो सकती है। सत्र से पहले विभिन्न विभागों के प्रस्तावों को मंजूरी देने के लिए भी यह बैठक अहम रहेगी।
सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की भी बन सकती है रूपरेखा
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बाद मुख्यमंत्री के शीतकालीन प्रवास और सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा संभव है। इस कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की योजनाओं और सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की रूपरेखा तैयार की जा सकती है। ऐसे में कैबिनेट बैठक में आगामी दिनों के सरकारी कार्यक्रमों और प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर भी मंथन होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: दिवाली से पहले बुझ गया घर का चिराग, 9 वर्षीय मासूम को गाड़ी ने मारी टक्क
युवाओं से लेकर कर्मचारियों तक, सभी की निगाहें फैसलों पर
13 नवंबर को होने वाली कैबिनेट बैठक से बेरोजगार युवाओं, सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को कई उम्मीदें हैं। खासकर भर्ती और रोजगार से जुड़े फैसलों को लेकर युवाओं में उत्सुकता बनी हुई है। अब देखना होगा कि दिवाली के बाद होने वाली इस बैठक में सुक्खू सरकार किन प्रस्तावों को हरी झंडी देती है और क्या सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों का रास्ता खुलता है।
