शिमला। हिमाचल प्रदेश में हिमकेयर योजना के लाभार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। सरकार ने नए कार्ड बनाने और पुराने कार्ड के नवीनीकरण के लिए पोर्टल दोबारा खोल दिया है। जिन परिवारों के कार्ड की वैधता खत्म हो चुकी है या मार्च के बाद खत्म होने वाली है, वे 31 मार्च तक नवीनीकरण करवा सकते हैं।

हिमकार्ड धारकों के लिए बड़ी खबर

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, तय समयसीमा के बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा और अगला मौका जून महीने में मिलेगा। ऐसे में अगर कोई लाभार्थी निर्धारित अवधि में प्रक्रिया पूरी नहीं करता है तो उसे लगभग दो महीने इंतजार करना पड़ सकता है। इस दौरान यदि इलाज की जरूरत पड़ी तो योजना का लाभ लेने में परेशानी आ सकती है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल को केंद्र से मिलेगा खास फाइनेंशियल पैकेज ! सीएम सुक्खू ने दिल्ली में वित्त मंत्री से मांगा सहयोग

कब-कब बनेगा नया कार्ड?

प्रदेश में 1 जनवरी 2019 से अब तक कुल 13,70,910 हिमकेयर कार्ड बनाए जा चुके हैं। बड़ी संख्या में ऐसे कार्ड हैं जिनकी समयसीमा पूरी हो चुकी है या जल्द पूरी होने वाली है। सरकार ने हाल ही में नियमों में बदलाव करते हुए स्पष्ट किया है कि अब साल में केवल चार महीने मार्च, जून, सितंबर और दिसंबर में ही नया कार्ड बनाया जाएगा या नवीनीकरण होगा।

जरूरतमंद परिवारों को मिलेगी मदद

यह व्यवस्था इसलिए लागू की गई है ताकि डेटा अपडेट और सत्यापन की प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से हो सके। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इससे फर्जी या निष्क्रिय कार्डों की संख्या भी नियंत्रित रहेगी और वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को समय पर लाभ मिल सकेगा।

यह भी पढ़ें : HRTC की नई पहल : बसों में शुरू होगी कुरियर सेवा, 3 रुपये प्रति KM रहेगा किराया

कब तक करवा सकते हैं रिन्यू?

आयुष्मान भारत के जिला समन्वयक धर्मपाल राणा ने बताया कि 31 मार्च तक पोर्टल पर आवेदन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी कर लें।

किस जिले में कितने कार्डधारक?

आंकड़ों के अनुसार कांगड़ा जिला कार्डधारकों की संख्या में सबसे आगे है, जबकि लाहौल-स्पीति में यह संख्या सबसे कम है। यहां देखें लिस्ट-

  • बिलासपुर – 77,860
  • चंबा – 61,524
  • हमीरपुर – 1,31,400
  • कांगड़ा – 3,78,875
  • किन्नौर – 19,484
  • कुल्लू – 71,458
  • लाहौल-स्पीति – 6,253
  • मंडी – 1,90,416
  • शिमला – 1,45,878
  • सिरमौर – 81,583
  • सोलन – 1,00,421
  • ऊना – 1,05,758

यह भी पढ़ें : हिमाचल में घर जा रहे युवक को बदमाशों ने रोका, जबरन ऐंठे पैसे- पुलिस ने पकड़ी पूरी गैंग

कैसे करवाएं रिन्यू?

लाभार्थी नजदीकी लोक मित्र केंद्र, कॉमन सर्विस सेंटर या अधिकृत पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए परिवार का पहचान पत्र, आधार से संबंधित जानकारी और आवश्यक दस्तावेज अपडेट रखना जरूरी है।

क्या है सरकार का उद्देश्य?

सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र परिवार को आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित न रहना पड़े। इसलिए लाभार्थियों को सलाह दी गई है कि समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी कर योजना का निरंतर लाभ उठाएं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें