#अपराध
March 2, 2026
हिमाचल में घर जा रहे युवक को बदमाशों ने रोका, जबरन ऐंठे पैसे- पुलिस ने पकड़ी पूरी गैंग
जबरदस्ती खेते से लूटे हजारों रुपये
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में बढ़ती लूटपाट की घटनाओं से लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां बड़ी संख्या में लोग काम के सिलसिले में रहते हैं, जिसका फायदा उठाकर असामाजिक तत्व वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामले में कुछ बदमाशों ने एक युवक को घेरकर उसके साथ मारपीट की और लूटपाट कर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सोलन के बद्दी बरोटीवाला नालागढ़ का है। यहां पर 27 फरवरी की शाम को रजनीश यादव नाम का युवक अपनी ड्यूटी खत्म करके घर लौट रहा था। जैसे ही वह गोल मार्केट के पास पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे पांच युवकों ने उसे घेर लिया। उन्होंने उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन छीन लिया।
इसके बाद आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और जबरदस्ती उसका गूगल-पे खुलवाकर करीब 23,260 रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। पैसे ट्रांसफर होने के बाद वे उसे वहां से भगा कर खुद फरार हो गए। पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। सूचना मिलते ही बद्दी थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर टीम को भी साथ जोड़ा। सबसे पहले UPI ट्रांजेक्शन की पूरी डिटेल निकाली गई, यह देखा गया कि पैसा किन-किन खातों में गया। फिर उन बैंक खातों की जांच की गई। साथ ही, घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
डिजिटल सबूतों और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली। योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर महज 48 घंटे के भीतर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में कुछ बद्दी के रहने वाले हैं और कुछ बिहार व उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो यहां काम के सिलसिले में रह रहे थे।
SP बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि इलाके में जबरन वसूली, मारपीट या डिजिटल माध्यम से लूट करने वालों को बिल्कुल भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से खास अपील की है कि अगर कोई अजनबी दबाव डालकर फोन या पेमेंट ऐप इस्तेमाल करवाने की कोशिश करे तो तुरंत मना करें और मौके पर ही शोर मचाएं या पुलिस को सूचना दें।