शिमला। हिमाचल प्रदेश में मंगलवार रात हुई तेज बारिश के बाद कई क्षेत्रों में हालात चुनौतीपूर्ण हो गए हैं। जगह-जगह भूस्खलन और मलबा आने से बड़ी संख्या में सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे लोगों को दैनिक आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, प्रदेशभर में 160 से अधिक सड़कें फिलहाल यातायात के लिए बंद हैं और इन्हें दोबारा चालू करने के लिए संबंधित विभाग लगातार काम कर रहे हैं। बारिश का असर केवल यातायात तक सीमित नहीं रहा।
यह भी पढ़ें- मणिमहेश यात्रा करने जा रहे थे चार दोस्त : थार पर पहाड़ी से गिरी बड़ी चट्टान, एक की मौ**त
कई गांवों में बिजली गुल
विभिन्न क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। करीब 190 बिजली ट्रांसफॉर्मर बंद होने से कई गांवों और कस्बों में विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। वहीं, 58 पेयजल योजनाओं के प्रभावित होने से कई स्थानों पर पानी की आपूर्ति भी प्रभावित बताई जा रही है। संबंधित विभाग सेवाओं को जल्द सामान्य बनाने के लिए मरम्मत और बहाली कार्य में जुटे हुए हैं।
अगले 6 दिन होगी बारिश
इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले छह दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार बुधवार को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस के ईमानदार सिपाही- अपराधियों पर कसते रहे शिकंजा, महकमे ने अवॉर्ड से नवाजा
पांच जिलों में बारिश का अलर्ट
इसके बाद 6 अगस्त को ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर, 7 अगस्त को कांगड़ा और मंडी तथा 8 अगस्त को मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में भी भारी बारिश की संभावना के चलते यलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
आपदा प्रबंधन पूरी तरह सतर्क
लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभाग पूरी तरह सतर्क हैं। संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और जहां आवश्यक हो वहां राहत एवं बहाली कार्य तेज किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : रातभर परिवार करता रहा इंतजार, सुबह खाई में मिली कार; अंदर पड़ी थी पटवारी की देह
नदी-नालों और खड्डों के पास ना जाएं
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और खड्डों के पास जाने से बचें। भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा न करें और किसी भी सफर से पहले मौसम तथा सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। विभाग ने नागरिकों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी सलाह दी है।
