चंबा। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बीच उफान पर आए नदी.नाले अब लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनते जा रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में अचानक बढ़ रहा पानी कभी सड़क रोक रहा है तो कभी लोगों के रास्ते में आफत बनकर खड़ा हो रहा है। चंबा जिला के भरमौर क्षेत्र में भी ऐसी ही एक मुश्किल घड़ी उस समय सामने आई, जब दुल्हन को लेने जा रहे दूल्हे का रास्ता उफनते पलाणी नाले ने रोक दिया। बारात नाले के किनारे फंस गई और दूसरी ओर शादी का शुभ मुहूर्त निकलता जा रहा था।
दुल्हन लेने निकला दूल्हा] रास्ते में खड़ी हो गई आफत
जानकारी के अनुसार भरमौर क्षेत्र से एक बारात बड़ग्रां पंचायत की ओर जा रही थी। बारात अपने गंतव्य की तरफ बढ़ रही थी, लेकिन रास्ते में पलाणी नाले ने पूरी बारात का रास्ता रोक दिया। क्षेत्र में मौसम खराब था और लगातार हुई बारिश के कारण नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। कुछ ही देर में नाले का बहाव इतना तेज हो गया कि वाहनों के लिए उसे पार करना मुश्किल हो गया। बारात को आगे बढ़ने का कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा था। ऐसे में दूल्हे और उसके साथ आए बारातियों के सामने एक तरफ शादी का समय निकलने की चिंता थी तो दूसरी तरफ उफनता हुआ नाला बड़ी चुनौती बन चुका था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल से युवती लापता, घर छोड़ने से पहले बनाया वीडियो- मां-बाप पर लगाए गंभीर आरोप
शुभ मुहूर्त करीब, बारात रास्ते में फंसी
शादी का शुभ समय नजदीक आता जा रहा था और बारात नाले के किनारे रुकी हुई थी। वाहनों से नाला पार करना संभव नहीं था। ऐसे में बारातियों ने स्थिति को देखते हुए पैदल नाला पार करने का फैसला किया। सबसे बड़ी चिंता दूल्हे को लेकर थी। शादी के जोड़े में तैयार दूल्हा नाले के तेज बहाव को खुद पार करने की स्थिति में नहीं था। इसके बाद कुछ बाराती आगे आए और दूल्हे को अपनी पीठ पर उठा लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के बेरोजगारों को बड़ी राहत, 10वीं पास की 500 पदों पर भर्ती- जानें डिटेल
पीठ पर दूल्हा और सामने उफनता पानी
इसके बाद जो नजारा सामने आया, उसने हर किसी का ध्यान खींच लिया। बारातियों ने दूल्हे को पीठ पर बैठाया और बेहद सावधानी से उफनते नाले को पार करना शुरू किया। पानी का बहाव तेज था और हर कदम पर संतुलन बनाए रखना चुनौती बना हुआ था। बारातियों ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए दूल्हे को नाले के दूसरी ओर पहुंचाया। इसके बाद अन्य बाराती भी सावधानीपूर्वक नाला पार कर आगे बढ़े। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के आढ़ती की चंडीगढ़ मंडी में ह**त्या- पार्किंग को लेकर हुआ था विवाद, आरोपी फरार
पुल न होने से ग्रामीणों की परेशानी बरकरार
स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से पलाणी नाले पर स्थायी पुल बनाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि पुल नहीं होने के कारण बरसात में स्थिति बेहद खतरनाक हो जाती है। सामान्य दिनों में जहां लोग आसानी से नाला पार कर लेते हैं, वहीं बारिश के दौरान अचानक बढ़ा पानी रास्ता पूरी तरह बंद कर देता है। ग्रामीणों के मुताबिक, नाले को पार करते समय पहले भी कई लोग हादसों का शिकार हो चुके हैं। ऐसे में उनका कहना है कि यहां स्थायी पुल का निर्माण बेहद जरूरी है, ताकि बारिश के दिनों में लोगों की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे।
