सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है। दाड़लाघाट के समीपवर्ती ज्ञाणा गांव में एक दुकान के भीतर व्यक्ति का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह जब परिजन दुकान पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के भीतर का मंजर साफ बयां कर रहा था कि व्यक्ति पर खूंखार तेंदुए ने हमला किया और उसे इस कदर नोचा कि उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की भनक लगते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
देर रात तक कर रहा था वेल्डिंग का काम, सुबह मिला शव
प्राप्त विवरण के मुताबिक मृतक की पहचान हीरालाल के रूप में हुई है, जो ज्ञाणा गांव में वेल्डिंग की दुकान चलाता था। मृतक के भांजे वीरेंद्र ने बताया कि मंगलवार को काम का दबाव अधिक होने के कारण हीरालाल देर रात तक दुकान में ही डटा हुआ था और घर नहीं लौटा। बुधवार सुबह जब वह घर नहीं पहुंचा, तो परिजन तलाश करते हुए दुकान पहुंचे। वहां का खौफनाक दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का पिछला दरवाजा खुला था और अंदर हीरालाल खून से लथपथ हालत में मृत पड़ा था।
यह भी पढ़ें : व्हीलचेयर से विश्व मंच तक पहुंची हिमाचल की बेटी अंजलि, भारत को दिलाया स्वर्ण पदक; रचा इतिहास
दुकान के अंदर के हालात देखकर सहमे ग्रामीण
घटनास्थल की स्थिति ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया। दुकान के भीतर संघर्ष के संकेत मिले। दुकान में लगा करीब 200 वाट का बिजली का बल्ब भी टूटा हुआ मिला। ग्रामीणों और परिजनों का अनुमान है कि तेंदुए और हीरालाल के बीच संघर्ष के दौरान बल्ब टूट गया होगा। बल्ब टूटने से हुई आवाज के कारण तेंदुआ मौके से भाग गया होगा।
यह भी पढ़ें : अनुराग ठाकुर बोले: दिवाली से पहले PM मोदी हिमाचल को देंगे बड़ी सौगात, छात्रों को मिलेगी राहत
पुलिस और वन विभाग ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने दुकान और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा घटनास्थल से जरूरी जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अर्की अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि की जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: घर से निकली विवाहिता के साथ हो गई बड़ी अनहोनी, थम गईं सांसें; सदमें में परिवार
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मुआवजे की प्रक्रिया
डीएफओ कुनिहार राजकुमार शर्मा के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यदि तेंदुए के हमले की पुष्टि होती है तो वन विभाग के प्रावधानों के तहत मृतक के परिवार को चार लाख रुपये की मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी। फिलहाल वन विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इलाके में तेंदुए की गतिविधि कितनी है।
गांव में फैला दहशत का माहौल
हीरालाल की मौत की खबर सामने आने के बाद ज्ञाणा सहित आसपास के गांवों में डर का माहौल है। जिस दुकान में रोजाना सामान्य रूप से काम होता था, वहीं व्यक्ति का शव मिलने से ग्रामीण सहमे हुए हैं। लोगों को आशंका है कि अगर क्षेत्र में तेंदुआ सक्रिय है तो भविष्य में भी ऐसी घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।
