शिमला। हिमाचल प्रदेश की दो महिला क्रिकेट खिलाड़ी- रेणुका सिंह ठाकुर व हरलीन दयोल- दोनों वनडे विश्वकप की टीम का अहम हिस्सा हैं। खुशी की बात ये है कि ऐसा पहली बार होगा जब हिमाचल की दो खिलाड़ी वनडे विश्वकप में खेलेंगी। ठाकुर व दयोल दोनों ने हिमाचल का नाम रोशन कर दिया है। साथ ही उनकी इस उपलब्धि को इतिहास के पन्नों में भी दर्ज करवा दिया है क्योंकि इससे पहले प्रदेश की किसी भी खिलाड़ी ने वनडे क्रिकेट विश्वकप नहीं खेला है। ऐसे में प्रदेश की दो-दो खिलाड़ियों का ये कर पाना और ज्यादा गौरवमयी हो जाता है।
पांच मुकाबलों में बनाए 169 रन
विश्वकप में हरलीन दयोल का प्रदर्शन शानदार रहा है। अब तक उन्होंने 5 मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 169 रन स्कोर किए हैं। पहले ही मैच में उन्होंने श्रीलंका की टीम के खिलाफ 48 रन बनाए थे।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में थम जाएंगे निजी बसों के पहिए- इस दिन से नहीं मिलेगी सेवाएं, लोग परेशान
2 नवंबर को है फाइनल मुकाबला
दयोल ने पाकिस्तान के खिलाफ भी 46 रन बनाए। गौरतलब है कि आगामी 2 नवंबर को भारतीय टीम विश्वकप का फाइनल मुकाबला खेलेगी। देखने वाली बात होगी कि दयोल फाइनल मुकाबले में कैसा परफॉर्म करती हैं।
विकेट लेने में करना पड़ा है संघर्ष
बात रेणुका सिंह ठाकुर की करें तो उन्होंने 5 मैचों में सिर्फ 3 विकेट लिए हैं। उन्हें विकेट लेने के लिए संघर्ष करना पड़ा है। हालांकि लीग मुकाबले में उन्होंने न्यूजीलैंड टीम की कप्तान को बोल्ड कर भारत की जीत का रास्ता पक्का कर दिया है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: बरामदे में बैठ 5 औरतों ने बनाई चरस, फिर सोशल मीडिया पर डाला वीडियो- केस दर्ज
हिमाचल के लिए गौरव का विषय
प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि दो हिमाचली महिला खिलाड़ी भारत में चल रहे वनडे विश्वकप में भारतीय टीम का हिस्सा हैं। उनका प्रदर्शन भी अच्छा है। उम्मीद है कि दोनों हिमाचली खिलाड़ी फाइनल में भारतीय टीम के प्लेइंग इलेवन में होंगी और भारत को विश्व विजेता बनाने के लिए अच्छा प्रदर्शन करेंगी। -अवनीश परमार, सचिव, हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन
