हमीरपुर। हिमाचल की सियासत में जुबानी जंग एक बार फिर तेज होती नजर आ रही है। हमीरपुर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस की हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल पर जमकर निशाना साधा। दुगनेहड़ी आंगनबाड़ी केंद्र में सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम में पहुंचे अनुराग ठाकुर ने जहां मुख्यमंत्री के हिमाचल के सांसदों को लेकर दिए गए 'कौवों की तरह कायं-कायं' वाले बयान पर पलटवार किया, वहीं रजनी पाटिल की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उन्हें पद से हटाने की मांग को लेकर भी कांग्रेस पर सवाल उठाए।

कुछ लोगों का काम जुबान चलाना, हम काम करने में विश्वास रखते हैं'

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हाल ही में मंडी के बल्ह में सांसदों को लेकर 'कौवों की तरह कायं-कायं' वाली टिप्पणी की थी। इसी बयान को लेकर अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों का काम केवल बोलना रह गया है, जबकि वे काम करने में विश्वास रखते हैं। अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार केंद्र सरकार की ओर से करवाए गए कार्यों का उद्घाटन करने तक सीमित होकर रह गई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में सीजन की पहली बर्फबारी, किन्नौर में बिछी सफेद चादर; 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

 

उन्होंने प्रदेश की सड़कों की स्थिति का जिक्र करते हुए दावा किया कि कई जगह पैचवर्क के लिए भी पर्याप्त धन उपलब्ध नहीं है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस सरकार पर जनता पर अलग-अलग तरह के सेस और टैक्स का बोझ बढ़ाने का आरोप लगाया।

सुक्खू के बयान ने बढ़ाई सियासी गर्मी

मुख्यमंत्री के सांसदों को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा की ओर से लगातार प्रतिक्रिया सामने आ रही है। अब हमीरपुर में अनुराग ठाकुर ने इसे राजनीतिक मुद्दा बनाते हुए प्रदेश सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए हैं।

 

यह भी पढ़ें : दिवाली से पहले कर्मचारियों को मिलेगा बड़ा तोहफा, सीएम सुक्खू ने कर दिया DA देने का ऐलान, जाने क्या कहा

 

अनुराग ठाकुर ने अपने संबोधन में केंद्र और प्रदेश सरकार के कामकाज की तुलना करते हुए कहा कि एक तरफ केंद्र स्तर पर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है, जबकि दूसरी ओर प्रदेश में सरकार के कामकाज को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, ये सभी दावे और आरोप अनुराग ठाकुर की ओर से लगाए गए हैं।

रजनी पाटिल को लेकर भी अनुराग का पलटवार

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और उनके इस्तीफे की मांग को लेकर भी अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधा। कांग्रेस की हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल ने हाल ही में पार्टी के कार्यक्रम में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ इस्तीफे और उन्हें पद से हटाने की मांग की थी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: किशोरी को जबरन जंगल में ले जाकर दो युवकों ने किया मुंह काला, अब जेल में कटेंगे 20 साल

 

25 सितंबर को हिमाचल कांग्रेस ने शिमला में चुनाव विभाग के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया था। कांग्रेस ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सवाल उठाए और CEC के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

 

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस के इस रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव में अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने के बाद कांग्रेस व्यवस्था पर सवाल उठाने और आरोप लगाने का काम कर रही है। उन्होंने एक रिपोर्ट के आधार पर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग किए जाने पर भी कांग्रेस को घेरा।

 

यह भी पढ़े : डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री के विभाग का JE और महिला वकील चिट्टे के साथ धरे, जा सकती है नौकरी

आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से मिले अनुराग ठाकुर

राजनीतिक बयानबाजी से इतर अनुराग ठाकुर ने दुगनेहड़ी आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के पोषण और शुरुआती विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों को कुपोषण से बचाना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना जरूरी है, क्योंकि स्वस्थ बचपन ही मजबूत भविष्य की नींव तैयार करता है। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया और बच्चों को उपहार भी वितरित किए गए।

 

हिमाचल: शराब ने उजाड़ा परिवार... मां से गाली-गलौज कर रहे पिता की 20 वर्षीय बेटे ने कर दी ह**त्या

एशियन गेम्स की महिला कबड्डी टीम को दी बधाई

अनुराग ठाकुर ने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम को भी बधाई दी। उन्होंने भारतीय महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि देश की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया है और हिमाचल की युवा खिलाड़ियों ने भी प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला टीम के स्वदेश लौटने पर खिलाड़ियों का स्वागत किया जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें