शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की हत्या को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस मामले के लिए CM सुखविंद्र सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है।
दी होती सुरक्षा, तो नहीं होती मौत
उन्होंने कहा कि अगर सरकार और पुलिस ने समय रहते गंभीरता दिखाई होती तो इस दुखद घटना को रोका जा सकता था। पत्रकारों से बातचीत के दौरान जयराम ठाकुर ने कहा कि मृतका ने कुछ समय पहले अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस और सरकार से सुरक्षा की गुहार लगाई थी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : कार के स्टीयरिंग कवर में छुपा रखा था लाखों का चिट्टा, सप्लायर समेत 3 गिरफ्तार
दिनदहाड़े चली गोलियां
अगर पुलिस ने समय रहते पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई होती तो आज वह इस तरह गोलियों का शिकार नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि महिला की आशंका आखिरकार सच साबित हुई, जो सरकार की संवेदनहीनता और कानून व्यवस्था के प्रति उसकी उपेक्षा को दर्शाता है।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
पूर्व CM ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है और CM केवल सत्ता के नशे में मग्न हैं। उन्होंने कहा कि गृह विभाग मुख्यमंत्री के पास है और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है, ताकि अपराधियों में पुलिस का भय बना रहे।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में मानसून की दस्तक : 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट, 4 जिलों में चलेगा आंधी-तूफान
जयराम का फूटा गुस्सा
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन सरकार ठोस कार्रवाई करने के बजाय निष्क्रिय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संवेदनहीन सरकार काम कर रही है और इसकी चर्चा अब आम लोगों के बीच भी होने लगी है।
दो पेशेवर शूटरों को शिमला लाएगी पुलिस
उधर, मनीषा मित्तल हत्याकांड में गिरफ्तार दोनों पेशेवर शूटरों को मंगलवार को हरियाणा के रोहतक से शिमला लाया जाएगा। इसके बाद पुलिस उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड मांगेगी। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि दोनों आरोपियों ने किसके इशारे पर मनीषा मित्तल की हत्या की।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : CBSE स्कूलों में तैनाती पर फंसा पेंच, उलझन में सरकार- दो गुटों में बंटे शिक्षक
20 लोगों से पूछताछ कर चुकी है पुलिस
शिमला पुलिस अब तक मृतका के भाई हिमांक मित्तल, उसके पार्टनर गोविंद और पति डॉ. सुभाष यादव समेत 15 से 20 लोगों से पूछताछ कर चुकी है। पुलिस ने हरियाणा के रोहतक से आशीष अहलावत और दीपक को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने वारदात में इस्तेमाल की गई दो पिस्तौल भी बरामद करवा दी हैं।
भाई और पति के साथ चल रहा था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि मनीषा मित्तल का अपने भाई हिमांक मित्तल के साथ स्कूल को लेकर विवाद चल रहा था। वहीं, पति डॉ. सुभाष यादव के साथ भी उनका पारिवारिक विवाद चल रहा था और मामला फैमिली कोर्ट में विचाराधीन है। शनिवार शाम संजौली स्थित स्कूल के गेट पर मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
