#यूटिलिटी
June 16, 2026
हिमाचल में मानसून की दस्तक : 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट, 4 जिलों में चलेगा आंधी-तूफान
बारिश से किसानों और बागवानों को राहत मिलने की उम्मीद है
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार सुबह से ही मौसम साफ रहा और अच्छी धूप खिली। हालांकि, मौसम विभाग (आईएमडी) ने आज और कल कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं, 18 जून से प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, 18 और 19 जून को सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के प्रभाव से चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, 20 और 21 जून को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इसके बाद प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून दस्तक दे सकता है।
बीते 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। शिमला में 12 मिलीमीटर, सुंदरनगर में 17 मिलीमीटर, कांगड़ा में 11 मिलीमीटर और कुफरी में सबसे अधिक 31 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
बारिश के कारण प्रदेश के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले छह दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा।
बारिश से किसानों और बागवानों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और तेज हवाओं तथा आंधी-तूफान के समय खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।
प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर इन दिनों मौसम काफी सुहावना बना हुआ है। शिमला का अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस, मनाली का 24.2 डिग्री, कुफरी का 18.2 डिग्री और नारकंडा का 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए देशभर से बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल पहुंच रहे हैं।