शिमला। देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद हिमाचल की सियासत में एक बार फिर ईवीएम (EVM) को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने तीखा हमला बोला है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और त्रिलोक कपूर का कहना है कि कांग्रेस हार स्वीकार करने के बजाय हर बार EVM पर सवाल खड़े कर जनता के जनादेश को कमजोर करने की कोशिश करती है।
जीत गए तो ईवीएम ठीक, हार गए तो हैक हो गई
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। जब-जब कांग्रेस चुनाव जीतती है, तब EVM पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी लगती है, लेकिन जैसे ही जनता उन्हें नकारती है, वैसे ही हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़कर अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास शुरू हो जाता है। कांग्रेस का यह पुराना जाप है कि जब जीत मिली तो ईवीएम ठीक है और हार गए तो ईवीएम हैक कर ली के आरोप लगाने शुरू हो जाते हैं। जयराम ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस हार का गम मिटाने के लिए बहाने ढूंढने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : सड़क किनारे खेल रही थी 4 साल की मासूम, सामने से आई कार ने मारी टक्कर- तोड़ा दम
मानसिकता का संकट करार
जयराम ठाकुर ने सुक्खू के बयान को लोकतांत्रिक व्यवस्था पर अविश्वास बताते हुए कहा कि यह लोकतंत्र का संकट नहीं, बल्कि कांग्रेस की राजनीतिक मानसिकता का संकट है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की प्रक्रिया पारदर्शी है और देश की जनता अपने मताधिकार का प्रयोग पूरी स्वतंत्रता के साथ करती है।
नतीजों पर भी जताया भरोसा
जयराम ठाकुर ने पांच राज्यों के चुनाव परिणामों को जनता का स्पष्ट जनादेश बताते हुए कहा कि इन नतीजों ने यह साबित कर दिया है कि देश की राजनीति में विकास और स्थिरता को प्राथमिकता दी जा रही है। पार्टी नेताओं का दावा है कि जनता अब भावनात्मक और भ्रामक मुद्दों से आगे बढ़कर ठोस काम के आधार पर निर्णय ले रही है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : सड़क पर खड़ी मशीन से टकराई तेज रफ्तार कार, उड़े परखच्चे- 3 युवकों की मौ*त
लोगों ने विकास मॉडल को चुना
जयराम ठाकुर ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के परिणामों का हवाला देते हुए कहा कि वहां भाजपा की ऐतिहासिक सफलता ने कांग्रेस के तमाम दावों को ध्वस्त कर दिया है। बंगाल में भाजपा की बढ़त को उन्होंने एक जनक्रांति की संज्ञा दी, जहां दशकों के वामपंथी और तृणमूल शासन के बाद जनता ने विकास को चुना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि असम में लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत और पुडुचेरी में भाजपा की वापसी इस बात का पुख्ता प्रमाण है कि देशभर में भाजपा की स्वीकार्यता निरंतर बढ़ रही है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में फौजी की बेटी ने किया टॉप, मां के छलके आंसू- 500 में 488 अंक लेकर पाया 9वां स्थान
हार का बहाना बन रही ईवीएम
त्रिलोक कपूर ने कहा कि कांग्रेस की यह पुरानी रणनीति है कि हार के बाद किसी न किसी बहाने की तलाश की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि EVM पर सवाल उठाना उसी रणनीति का हिस्सा है, जिससे पार्टी अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाना चाहती है।
कांग्रेस हिमाचल में भी भुगतेगी गलतियों का खामियाजा
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि इन चुनाव परिणामों ने न केवल राष्ट्रीय राजनीति की धारा मोड़ दी है, बल्कि यह कांग्रेस और उसके गठबंधन की नकारात्मक राजनीति पर जनता का अंतिम फैसला है। पूर्व सीएम ने यह भी चेतावनी दी कि हिमाचल प्रदेश की जनता भी वर्तमान सरकार की विफलताओं को बारीकी से देख रही है। हार के बाद बहाने बनाना कांग्रेस की पुरानी आदत बन चुकी है, लेकिन अब जनता जाति और धर्म के आधार पर बांटने वाली राजनीति को पूरी तरह नकार चुकी है। आने वाले समय में हिमाचल की धरती पर भी ऐसे ही परिणाम देखने को मिलेंगे, जहां कांग्रेस को अपनी गलतियों का खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
