शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार अपने चार साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा जनता के सामने रखने की तैयारी में है। इस बार सरकार के सालाना आयोजन के लिए हमीरपुर जिला संभावित केंद्र बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री के गृह जिले में बड़े कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा हुई है।

पहली बार हमीरपुर में हो सकता है आयोजन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सुक्खू ने हाल ही में अधिकारियों के साथ इस आयोजन को लेकर विचार-विमर्श किया है। आने वाली मंत्रिमंडल बैठक में भी इस प्रस्ताव पर चर्चा हो सकती है। इसके बाद ही कार्यक्रम के स्वरूप और आयोजन स्थल को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस में हलचल तेज : MLA सुंदर बोले- 11 दिसंबर के बाद कार्यकर्ता लेंगे बड़ा फैसला

हालांकि, अभी आयोजन की तारीख, स्थान और अंतिम कार्यक्रम पर मुहर नहीं लगी है। सरकार के गठन के बाद हर साल कार्यकाल की उपलब्धियां बताने के लिए अलग-अलग जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। पहले वर्ष धर्मशाला, दूसरे साल बिलासपुर और तीसरे साल मंडी में सरकार ने सार्वजनिक कार्यक्रम के जरिए अपने कामकाज का ब्यौरा दिया था। अब चौथे साल के आयोजन के लिए हमीरपुर का नाम सामने आ रहा है।

उपलब्धियों के साथ भविष्य की योजनाओं पर भी रहेगा जोर

दरअसल, मुख्यमंत्री का गृह जिला होने के कारण इस बार यहां कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर विशेष दिलचस्पी देखी जा रही है। अब तक सरकार का बड़ा सालाना जश्न हमीरपुर में नहीं हुआ है। प्रस्तावित कार्यक्रम केवल चार साल पूरे होने का उत्सव नहीं होगा, बल्कि सरकार के लिए अपने कामकाज और आगे की प्राथमिकताएं बताने का मंच भी बन सकता है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में भूकंप : घरों से बाहर भागे लोग, क्या आपने भी महसूस किए झटके?

इसमें विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और अब तक लिए गए प्रमुख फैसलों की जानकारी दी जा सकती है। इसके साथ ही सरकार अगले एक साल में किन क्षेत्रों पर ध्यान देगी और विकास कार्यों को किस दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा, इसका रोडमैप भी जनता के सामने रखने की तैयारी है।

आधिकारिक घोषणा का इंतजार

फिलहाल हमीरपुर में आयोजन को लेकर शुरुआती स्तर पर मंथन चल रहा है। अंतिम निर्णय मंत्रिमंडल और प्रशासनिक स्तर पर चर्चा के बाद लिया जा सकता है। ऐसे में अब सबकी नजर सरकार की अगली बैठक और आधिकारिक घोषणा पर है, जिससे कार्यक्रम की तारीख, स्थान और रूपरेखा साफ हो सकेगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें