शिमला। हिमाचल कांग्रेस की सियासत एक बार फिर दिल्ली के गलियारों में गूंज रही है।CM सुखविंदर सिंह सुक्खू अचानक दिल्ली रवाना हुए हैं, जहां वे पार्टी आलाकमान से मुलाकात कर सकते हैं।माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान अध्यक्ष पद को लेकर फंसी कांग्रेस पार्टी किसी फैसले तक आ जाएगी।
डिप्टी सीएम और विक्रमादित्य भी दिल्ली में
खास बात ये है कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह पहले ही दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। दोनों नेताओं ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर संगठन और नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति की मांग दोहराई है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का गरीबों से मजाक! 6 महीने बाद डिपो में मिलेगा रिफायंड तेल- चुकाने होंगे ज्यादा दाम
हाईकमान से होगी मुलाकात
सीएम सुक्खू मंगलवार को शिपकी ला पास को पर्यटन के लिए खोलने के बाद सीधा दिल्ली रवाना हुए। सूत्रों के मुताबिक, उनकी मुलाकात मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से तय मानी जा रही है। माना जा रहा है कि वे अपनी पसंद के नेता को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनवाने की कोशिश करेंगे।
वरिष्ठ नेताओं से हुई अहम बैठकें
वहीं, मुकेश अग्निहोत्री ने K.C. वेणुगोपाल और प्रियंका गांधी से मुलाकात की है। विक्रमादित्य सिंह ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और खड़गे समेत कई वरिष्ठ नेताओं को वीरभद्र जयंती कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया है। इन बैठकों में संगठनात्मक चर्चा भी हुई, जिसमें विक्रमादित्य ने प्रदेश अध्यक्ष पद पर ‘संतुलन’ बनाने पर ज़ोर दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में भी बैठे हैं पादरी बजिंदर के हितैषी : करवाई थी झूठी FIR- सबूत ही नहीं मिले
गुटबाजी बना सबसे बड़ा रोड़ा
हिमाचल कांग्रेस इस वक्त दो प्रमुख गुटों में बंटी है एक सीएम सुक्खू का और दूसरा ‘हॉली लॉज’ गुट जो स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की विरासत से जुड़ा है। सुक्खू अपनी पसंद का अध्यक्ष चाहते हैं, जबकि हॉली लॉज खेमा सुक्खू के नामों को खारिज कर रहा है। संगठन की नियुक्ति में यही खींचतान पिछले सात महीनों से चल रही है, और पार्टी आलाकमान इस संतुलन को साधने में उलझा हुआ है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : कमरे से बाहर नहीं आया शख्स, भाई ने खिड़की से झांका- तो पैरों तले खिसक गई जमीन
क्या अब मिलेगा नया अध्यक्ष
इन बैठकों के बाद संकेत मिल रहे हैं कि हिमाचल कांग्रेस को जल्द नया अध्यक्ष मिल सकता है, लेकिन वह नाम कौन होगा यह इस बात पर निर्भर करेगा कि आलाकमान किस गुट को तवज्जो देता है। क्या सुक्खू को मनपसंद अध्यक्ष मिलेगा? या हॉली लॉज खेमा फिर बाज़ी मारेगा?
