#राजनीति
June 5, 2026
टूटने लगी है हिमाचल कांग्रेस? 2 दिन में तीसरे नेता ने खोला मोर्चा, बोला- CM करवा सकते हैं मेरा एन.काउंटर
नीरज भारती, बंबर ठाकुर के बाद युद्धवीर बैंस के आरोपों से मचा सियासी भूचाल
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में इन दिनों सत्तारूढ़ कांग्रेस के भीतर उठ रही असंतोष की आवाजें लगातार सुर्खियां बटोर रही हैं। प्रदेश की सुक्खू सरकार को लेकर पार्टी के भीतर से ही सवाल उठने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। पिछले दो दिनों के दौरान कांग्रेस से जुड़े तीन बड़े नेताओं के बयानों ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।
पहले कांग्रेस नेता नीरज भारती ने सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की, उसके बाद पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने भी सरकार और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। अब पूर्व कांग्रेस नेता युद्धवीर सिंह बैंस ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और पुलिस प्रशासन को लेकर ऐसे आरोप लगाए हैं, जिनसे प्रदेश की राजनीति में नया तूफान खड़ा हो गया है।
शुक्रवार को राजधानी शिमला में उस समय माहौल गर्मा गया जब युद्धवीर सिंह बैंस को पुलिस ने रास्ते में रोक लिया। बैंस का दावा है कि वह एक जरूरी कार्य से जिला अदालत जा रहे थे, लेकिन बीच रास्ते में पुलिस ने उन्हें रोककर आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया।
यह भी पढ़ें: 24 साल बाद सामने आया पुराना साथी : पूर्व CM धूमल ने देखते ही पहचाना- गले लगा लिया
घटनास्थल पर कुछ समय तक बहस का माहौल बना रहा। बैंस ने पुलिस अधिकारियों से सवाल किया कि यदि उन्हें गिरफ्तार करना है तो उसके लिए कानूनी आदेश या न्यायालय के निर्देश दिखाए जाएं। उन्होंने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे अपने खिलाफ दबाव बनाने की कोशिश बताया।
युद्धवीर सिंह बैंस ने आरोप लगाया कि उन्होंने मुख्यमंत्री के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को शिकायत सौंपी हुई है, जिसके कारण उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जब भी वह शिमला आते हैं, उन्हें रोकने या गिरफ्तार करने जैसी परिस्थितियां पैदा की जाती हैं।
बैंस ने यह भी कहा कि उन्होंने हाल ही में सेवानिवृत्त हुए मुख्य सचिव संजय गुप्ता से जुड़े कुछ मामलों को भी सार्वजनिक रूप से उठाया है और कथित अनियमितताओं को उजागर करने का प्रयास किया है। उनका आरोप है कि इसी कारण उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बैंस ने आशंका जताई कि मुख्यमंत्री के दबाव में उनका एनकाउंटर व हत्या हो सकती है।
सबसे सनसनीखेज आरोप लगाते हुए युद्धवीर सिंह बैंस ने आशंका व्यक्त की कि उनके साथ किसी प्रकार की अनहोनी हो सकती है। उन्होंने यहां तक कहा कि उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है और यदि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना घटती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों और प्रशासन पर होगी। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि उनके आरोपों पर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यह पहला अवसर नहीं है जब युद्धवीर सिंह बैंस और पुलिस के बीच इस तरह का विवाद सामने आया हो। करीब दो महीने पहले भी शिमला के सर्कुलर रोड क्षेत्र में उन्हें पुलिस द्वारा रोके जाने का मामला चर्चा में रहा था। उस समय भी सड़क पर काफी देर तक बहस और हंगामे जैसी स्थिति बनी थी। अब एक बार फिर इसी तरह की घटना ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है।
प्रदेश की राजनीति पर नजर रखने वाले जानकारों का मानना है कि कांग्रेस के भीतर असंतोष के स्वर अब पहले से अधिक मुखर दिखाई दे रहे हैं। नीरज भारती, बंबर ठाकुर और अब युद्धवीर सिंह बैंस के लगातार सामने आ रहे बयानों ने यह संकेत दिया है कि पार्टी के भीतर सब कुछ सामान्य नहीं है। हालांकि इन नेताओं के आरोप उनके व्यक्तिगत बयान हैं और इन पर सरकार या संबंधित पक्षों की विस्तृत प्रतिक्रिया अभी सामने आना बाकी है, लेकिन लगातार उठ रहे सवालों ने सियासी माहौल को जरूर गरमा दिया है।