#राजनीति
June 10, 2026
जयराम ठाकुर बोले- सरकार नहीं, एक गुट चला रहे मुख्यमंत्री सुक्खू, कई कांग्रेस नेता उनके खिलाफ
सीएम बनने के बाद भी कार्यशैली में नहीं कोई बदलाव
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल की राजनीति में एक बार फिर बयानबाज़ी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर बड़ा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह पूरी सरकार नहीं, बल्कि केवल अपने एक गुट को चला रहे हैं। ऊना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जयराम ने कहा कि कांग्रेस के भीतर असंतोष चरम पर है और कई वरिष्ठ नेता खुले तौर पर मुख्यमंत्री की कार्यशैली का विरोध कर रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि, कांग्रेस के भीतर इतने गुट सक्रिय हैं कि उनकी गिनती करना भी कठिन हो गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष थे, तब भी पूरी पार्टी को साथ लेकर चलने के बजाय एक सीमित समूह तक ही खुद को सीमित रखते थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद भी उनकी कार्यशैली में कोई बदलाव नहीं आया है और वे पूरी सरकार चलाने के बजाय केवल अपने समर्थक गुट के हितों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा को लेकर लगातार बयान देने वाले मुख्यमंत्री को अब अपनी पार्टी के भीतर बढ़ते असंतोष पर ध्यान देना चाहिए। कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी खुले मंचों पर सरकार की कार्यप्रणाली और नेतृत्व शैली पर सवाल उठा रहे हैं, जो यह दर्शाता है कि पार्टी के अंदर सब कुछ सामान्य नहीं है।
नेता प्रतिपक्ष ने हाल ही में कांग्रेस के एक वरिष्ठ पदाधिकारी द्वारा सरकार के खिलाफ दिए गए बयानों का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी के भीतर असंतोष लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेतृत्व अपने ही नेताओं की नाराजगी को संभालने में असफल साबित हो रहा है।
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन नेताओं के साथ वर्षों तक काम किया गया, आज उन्हीं के खिलाफ सार्वजनिक रूप से अपमानजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी वरिष्ठ नेता को लेकर इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं तो मुख्यमंत्री को इस विषय पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के अंदरूनी विवादों और आपसी टकराव को देख रही है। ऐसे माहौल में सरकार विकास और जनहित के मुद्दों पर प्रभावी ढंग से काम नहीं कर पा रही है। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि कांग्रेस में बढ़ती गुटबाजी आने वाले समय में सरकार के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।