शिमला हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में इस समय संगठनात्मक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। पार्टी की प्रभारी रजनी पाटिल 21 से 23 अगस्त तक शिमला दौरे पर रहेंगी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाने का ऐलान किया है, जिसमें प्रदेशाध्यक्ष के मुद्दे पर गहन चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।

विधायक दल की बैठक और अहम चर्चा

सूत्रों के अनुसार, रजनी पाटिल 21 अगस्त की शाम शिमला पहुंचेंगी और उसी दिन कांग्रेस विधायक दल की बैठक में हिस्सा लेंगी। इस बैठक में प्रदेशाध्यक्ष के चयन को लेकर विचार-विमर्श होगा। साथ ही पार्टी संगठन से जुड़े अन्य अहम मुद्दों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें : सदन में गूंजा IND vs PAK मैच का मुद्दा- MLA बोले, मोदी सरकार-BCCI को सचिवालय से भेजें प्रस्ताव

संगठनों के नेताओं से मुलाकात

22 अगस्त की सुबह पाटिल प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में अग्रणी संगठनों के नेताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगी। यह बैठक सुबह 10 बजे रखी गई है। माना जा रहा है कि यहां से प्रदेश कांग्रेस की रणनीति और संगठनात्मक ढांचे को लेकर नई दिशा तय हो सकती है।

वोट चोरी आरोपों पर रैली

उसी दिन, यानी 22 अगस्त को ही दोपहर 12 बजे शिमला स्थित राजीव भवन से कांग्रेस पार्टी वोट चोरी के आरोपों को लेकर रैली निकालेगी। प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं से इसमें शामिल होने की अपील की है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में स्कूली बच्चों की करतूत- छुट्टी के लिए बनाया फर्जी नोटिस और इंटरनेट पर कर दिया वायरल

रैली में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सह प्रभारी चेतन चौहान व विदित चौधरी समेत मंत्रिमंडल के सदस्य और अन्य बड़े पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

नेताओं से अलग-अलग मुलाकात

अपने दौरे के आखिरी दिन यानी 23 अगस्त को रजनी पाटिल प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और पीसीसी के पूर्व नेताओं से अलग-अलग मुलाकात करेंगी। इसके बाद दोपहर करीब दो बजे वह शिमला से चंडीगढ़ के लिए रवाना हो जाएंगी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल विधानसभा में गरमाया बेरोजगारी का मुद्दा, विपक्ष ने सदन से किया वॉकआउट

विदित चौधरी भी सक्रिय

कांग्रेस सह प्रभारी विदित चौधरी पहले ही शिमला पहुंच चुके हैं। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और वरिष्ठ नेता यशवंत छाजटा से मुलाकात कीमंगलवार को वह विधानसभा भी पहुंचे और 22 अगस्त को होने वाली रैली की तैयारियों पर मुख्यमंत्री से चर्चा की।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।