सोलन। हिमाचल प्रदेश में चुनावी माहौल के बीच सोलन में नगर निगम चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर ने हिमाचल की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में “यारों की सरकार” चल रही है और कांग्रेस नेताओं पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लग रहे हैं। अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि राज्य पर एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज हो चुका है, जो सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल खड़े करता है।
सरकार की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
बतौर रिपोर्टर्स, सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस ने महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने, किसानों से 100 रुपये प्रति लीटर दूध खरीदने और कई अन्य बड़े वादे किए थे, लेकिन सरकार अब तक उन्हें पूरा नहीं कर पाई।
यह भी पढ़ें : जयराम बोले : CM सुक्खू ने पहले रोके विकास कार्य, अब वित्तीय घोषणाएं कर उड़ा रहे आचार संहिता की धज्जियां
भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई कांग्रेस नेताओं के खिलाफ विजिलेंस जांच और चार्जशीट जैसी कार्रवाइयां चल रही हैं, जिससे सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
जनता के लिए सरकार को जवाब देने का मौका
दरअसल, सोलन में आयोजित कार्यक्रम में अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर और कांगड़ा क्षेत्र से आए लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निगम चुनाव जनता के लिए सरकार को जवाब देने का मौका हैं। उन्होंने लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब अधूरे वादों और राजनीतिक बयानबाजी से परेशान हो चुकी है।
यह भी पढ़ें- सुक्खू सरकार की नई व्यवस्था : अब HP नंबर की गाड़ियों को भी देनी होगी ENTRY फीस, जानें कहां
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के समय किए गए वादों को जमीन पर उतारने में सरकार पूरी तरह असफल साबित हुई है। अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि आने वाले चुनावों में जनता कांग्रेस को जवाब देगी।
