हमीरपुर/नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में प्रस्तावित बल्क ड्रग पार्क को लेकर बड़ी और अहम जानकारी सामने आई है। सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा लोकसभा में पूछे गए अतारांकित प्रश्न के जवाब में केंद्र सरकार ने खुलासा किया है कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 1,000 करोड़ रुपये की ग्रांट-इन-एड स्वीकृत कर दी गई है। केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय की ओर से दिए गए जवाब के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि हिमाचल के सबसे बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट्स में शामिल इस योजना को केंद्र सरकार से बड़ा वित्तीय सहयोग मिल चुका है।

हिमाचल के औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि ऊना में बनने वाला बल्क ड्रग पार्क हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उनका कहना है कि इस परियोजना के शुरू होने से प्रदेश में दवा निर्माण उद्योग को नई पहचान मिलेगी और हिमाचल देश के प्रमुख फार्मास्यूटिकल हब के रूप में उभर सकता है। इससे स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: होटल बुलाए पति-पत्नी को दे दिया नशा, बेसुध महिला से की नीचता; VIDEO बना किया वायरल

केंद्रीय ग्रांट से तैयार होगा आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर

केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के अनुसार, प्रमोशन ऑफ बल्क ड्रग पार्क योजना के तहत कॉमन इंफ्रास्ट्रक्चर सुविधाओं के विकास के लिए 1,000 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता स्वीकृत की गई है। परियोजना की कुल अनुमानित लागत 1,923 करोड़ रुपये है, जबकि कॉमन इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर 1,118.46 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर

परियोजना में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए 5 मिलियन लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले जीरो लिक्विड डिस्चार्ज आधारित कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट को भी मंजूरी दी गई है। इस प्लांट पर लगभग 244.43 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना को पर्यावरणीय स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है और कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों के टेंडर भी आवंटित किए जा चुके हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस चौकी के बजट से चमका दी SP की कोठी, विजिलेंस के रडार पर संजीव गांधी..

पहले चरण में 800 एकड़ में तेजी से चल रहा काम

मंत्रालय ने अपने जवाब में बताया कि परियोजना के पहले चरण में लगभग 800 एकड़ भूमि पर विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। साइट डिमार्केशन, सिविल वर्क और स्टीम जनरेशन सहित कई जरूरी कार्यों की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार : अनुराग ठाकुर

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि बल्क ड्रग पार्क बनने के बाद प्रदेश में 8,000 से 10,000 करोड़ रुपये तक का निवेश आने की संभावना है। इसके साथ ही 15,000 से 20,000 युवाओं के लिए प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल ऊना ही नहीं बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश की आर्थिक तस्वीर बदलने की क्षमता रखती है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में सियासी भूचाल: विजिलेंस रडार पर एक और पूर्व MLA, इसने भी कांग्रेस छोड़ थामा था BJP का दामन

फार्मा सेक्टर में हिमाचल की बढ़ेगी हिस्सेदारी

अनुराग ठाकुर ने विश्वास जताया कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद हिमाचल प्रदेश देश के फार्मास्यूटिकल सेक्टर में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की सहायता से बनने वाला यह प्रोजेक्ट निवेश, उद्योग और रोजगार के लिहाज से प्रदेश के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें