मंडी। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर BJP विधायक के बयान से सियासी हलचल तेज हो गई है। मंडी सदर से विधायक अनिल शर्मा के नए बयान में कहा कि जब सांसदों से मदद मांगी और वहां से सहयोग नहीं मिला तो उन्हें लगा कि इनमें तेल नहीं है। अब भाजपा विधायक का यह बयान राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है।
MP के सुनाई खरी-खोटी
दरअसल, कोटली में पार्किंग बनवाने के लिए दो करोड़ रुपये चाहिए थे। मदद की उम्मीद लेकर मंडी सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा सांसदों के पास पहुंचे, लेकिन उनके मुताबिक कोई आर्थिक सहयोग नहीं मिला।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में मौसम बदलाव : कई इलाकों में सुबह-सुबह छाया अंधेरा, 6 जिलों में बारिश
CM सुक्खू की तारीफ
इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का रुख किया और पार्किंग के लिए दो करोड़ रुपये की मंजूरी मिलने का दावा किया। इसी घटनाक्रम का जिक्र करते हुए अनिल शर्मा ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में सांसदों पर बिना नाम लिए तंज कस दिया।
पार्किंग के लिए सांसदों से मांगे थे 25-25 लाख
बुधवार शाम को कोटली में टैक्सी यूनियन कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे अनिल शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में पार्किंग निर्माण के लिए करीब 2 करोड़ रुपये की जरूरत थी। उनके अनुसार इस राशि को जुटाने के लिए उन्होंने सांसदों से संपर्क किया और प्रत्येक सांसद से 25-25 लाख रुपये सहयोग के तौर पर देने का आग्रह किया। विधायक का कहना है कि उन्हें सांसदों की ओर से अपेक्षित मदद नहीं मिली।
यह भी पढ़ें- त्योहारी सीजन में हिमाचलियों को राहत- राशन डिपुओं में पहले से ज्यादा मिलेगा आटा, जानें
फिर मुख्यमंत्री सुक्खू के पास पहुंचे विधायक
अनिल शर्मा के मुताबिक सांसदों से सहयोग नहीं मिलने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के सामने पार्किंग निर्माण का मुद्दा रखा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कोटली की पार्किंग के लिए 2 करोड़ रुपये मंजूर किए, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।
सांसदों से मदद नहीं मिली
यानी इस पूरे मामले में भाजपा विधायक ने सार्वजनिक मंच से एक तरफ अपनी पार्टी से जुड़े सांसदों से मदद नहीं मिलने की बात कही। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के मुख्यमंत्री से मिली सरकारी मंजूरी का भी उल्लेख किया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : लड़कियों को बहला-फुसलाकर होटल ले गया शख्स, की गंदी हरकतें- केस दर्ज
किसी सांसद का नाम नहीं लिया, लेकिन बयान पर चर्चा तेज
अनिल शर्मा ने अपने संबोधन में किसी सांसद का नाम नहीं लिया। हालांकि, कोटली मंडी लोकसभा क्षेत्र में आता है, जिसका प्रतिनिधित्व वर्तमान में भाजपा सांसद कंगना रनौत करती हैं। कंगना रनौत 18वीं लोकसभा में मंडी से भाजपा सांसद हैं। हिमाचल से राज्यसभा में भी भाजपा के प्रतिनिधि मौजूद हैं। ऐसे में अनिल शर्मा की ओर से सांसदों को लेकर की गई टिप्पणी के अलग-अलग राजनीतिक अर्थ निकाले जा रहे हैं।
पहले भी सुर्खियों में रहे हैं अनिल शर्मा
मंडी से भाजपा विधायक अनिल शर्मा 2022 से हिमाचल विधानसभा के सदस्य हैं और मौजूदा 14वीं विधानसभा में भाजपा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इससे पहले भी उनके कई राजनीतिक बयानों और रुख को लेकर चर्चा होती रही है। ऐसे में कोटली में दिया गया यह बयान सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद एक बार फिर सियासी बहस का विषय बन गया है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में मर्ड**र : भाई-भाभी ने झील में फेंकी देह, लापता होने का रचा नाटक- 4 दिन बाद खुला राज
कंगना के बयान के कुछ दिन बाद आया तंज
खास बात यह है कि सितंबर की शुरुआत में ही मंडी सांसद कंगना रनौत ने दिशा समिति की बैठक में सांसद निधि के तहत उपलब्ध राशि के कम इस्तेमाल को लेकर अधिकारियों पर सवाल उठाए थे। रिपोर्टों के मुताबिक उन्होंने करीब 11 करोड़ रुपये उपलब्ध होने और उसमें से लगभग 50 लाख रुपये खर्च होने का मुद्दा उठाया था।
ऐसे माहौल में अनिल शर्मा का सांसदों को लेकर दिया गया बयान चर्चा में आना स्वाभाविक है। हालांकि विधायक ने अपने संबोधन में किसी सांसद का नाम लेकर टिप्पणी नहीं की।
