शिमला। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर की जमकर तारीफ की। सोमवार को ठियोग की ग्राम पंचायत क्यारटु के नाल में आयोजित एक दिवसीय दीपावली मेले में विक्रमादित्य सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। इस दौरान कुलदीप सिंह राठौर भी उनके साथ मौजूद रहे।

प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर राठौर की पहचान

कार्यक्रम में विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कुलदीप सिंह राठौर सिर्फ ठियोग विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नेता नहीं हैं, बल्कि उनका कद प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक है। उनमें इतनी ताकत है कि वे केवल शिमला ही नहीं, बल्कि दिल्ली तक अपनी बात पहुंचाने और वहां हलचल मचाने का दम रखते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे राठौर को केवल विधायक के रूप में न देखें, बल्कि उनकी राजनीतिक ताकत और नेतृत्व को भी समझें।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल की 'लुटेरी दुल्हन' केस में सबसे बड़ा खुलासा: अभी 18 साल की भी नहीं हुई थी लड़की

विद्या स्टोक्स के योगदान को सराहा

विक्रमादित्य सिंह ने इस दौरान पूर्व मंत्री और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता विद्या स्टोक्स की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि विद्या स्टोक्स ने लंबे समय तक ठियोग क्षेत्र का नेतृत्व किया है। वह कई बार विधायक और मंत्री रहीं। अपने अनुभव और काम के दम पर उन्होंने इस इलाके को राजनीतिक रूप से नई पहचान दिलाई। विक्रमादित्य सिंह ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना भी की।

राठौर के नेतृत्व में विकास की उम्मीद

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि कुलदीप सिंह राठौर में भी क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की पूरी क्षमता है। आने वाले समय में वह ठियोग को और आगे बढ़ा सकते हैं। इसके लिए जरूरी है कि क्षेत्र की जनता उनका साथ दे और उनके कामों में सहयोग करे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में HPPCB की बड़ी कार्रवाई: 12 अवैध स्टोन क्रशरों की बिजली काटने के दिए निर्देश

मेले हमारी पुरानी संस्कृति और परंपराओं की पहचान

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मेले हमारी पुरानी संस्कृति और परंपराओं को जिंदा रखने का काम करते हैं। इनका महत्व केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक नजरिए से भी मेले काफी अहम हैं। इसलिए अपनी इस धरोहर को संभालकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

लोगों की समस्याओं हो रहा समाधान

मंत्री ने कहा कि वह समय-समय पर ठियोग क्षेत्र का दौरा करते रहते हैं। इस दौरान ग्रामीण अपनी समस्याएं उनके सामने रखते हैं, जिनका चरणबद्ध तरीके से समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर पंचायत में विकास कार्यों को तय समय पर पूरा करने की कोशिश की जा रही है, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

 

यह भी पढ़ें : छुट्टी के दिन सचिवालय पहुंचे CM सुक्खू, नई भर्तियों और कैबिनेट बैठक की तैयारियों का लिया जायजा

सड़कों के निर्माण के लिए 118 करोड़ रुपये मंजूर

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि हाल ही में सड़कों के निर्माण के लिए 118 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। ठियोग विधानसभा क्षेत्र की करीब 10 सड़कों को इसके लिए चुना गया है। इन सड़कों पर 50 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क सुविधा बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

केलवी-सैंज सड़क पर खर्च होंगे 11 करोड़ रुपये

मंत्री ने बताया कि केलवी से सैंज सड़क को पक्का करने के लिए 11 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने सनोला से क्यारटु मुख्य सड़क को भी पक्का करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में सड़क सुविधा बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में लगातार दो दिन बारिश-बर्फबारी : 4 जिलों में अलर्ट, जानें मौसम अपडेट

सड़क को चौड़ा करने पर खर्च होंगे 230 करोड़

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सेब और सब्जियां मंडियों तक पहुंचाने के दौरान बागवानों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी को देखते हुए सैज-यशवंत नगर सड़क को चौड़ा और पक्का करने के लिए 230 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे बागवानों को अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने में काफी राहत मिलेगी।