ऊना। शपथ लेने के कुछ ही मिनट बाद अगर कोई जनप्रतिनिधि सीधे मैदान में उतर जाए, तो यह चर्चा का विषय बन जाता है। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले की नंगल खुर्द पंचायत में कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां नवनिर्वाचित प्रधान ने पदभार संभालते ही अवैध खनन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उनकी कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय खनन माफिया में हड़कंप मच गया है।

पद संभालते ही दिखाई सख्ती

हरोली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नंगल खुर्द के नवनिर्वाचित प्रधान जसवंत सिंह ने सोमवार को शपथ ग्रहण किया। शपथ लेने के महज एक घंटे के भीतर ही उन्होंने पंचायत क्षेत्र में चल रही अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : हफ्ते बाद ओमान से भारत पहुंची आदित्य की देह, अंतिम दर्शन के इंतजार में परिवार

बिना नंबर प्लेट दौड़ रहे थे ट्रैक्टर

प्रधान की पहल पर अवैध रूप से खनन की गई मिट्टी ढो रहे दो ट्रैक्टरों को पकड़वाया गया। दोनों ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट के नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए चल रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

ग्रामीणों की शिकायत पर हुई कार्रवाई

ग्रामीण लंबे समय से अवैध खनन और ट्रैक्टर चालकों द्वारा तेज आवाज में प्रेशर हॉर्न व स्पीकर बजाने से परेशान थे। इसको लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद प्रधान जसवंत सिंह ने ग्रामीणों की मांग पर कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रैक्टरों को पकड़ लिया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : 800 फुट गहरी खाई में समाई कार- कई घंटे चला रेस्क्यू, दो लोगों की मौके पर मौ.त

खनन माफिया में मचा हड़कंप

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रधान जसवंत सिंह ने साफ कहा कि पंचायत क्षेत्र में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि और गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की।

पुलिस ने शुरू की जांच

DSP हरोली मोहन रावत ने बताया कि पंचायत प्रधान की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम कर रही है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें