शिमला। हिमाचल प्रदेश में ठंड धीरे-धीरे दस्तक नहीं दे रही, बल्कि हर सुबह सर्द हवा की तेज चुभन के साथ अपना असर गहरा कर रही है। प्रदेश के तीन शहरों का तापमान माइनस में चला गया है, आठ स्थानों पर पारा 5 डिग्री से नीचे और 21 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया है।
हिमाचल में पड़ी धुंध
पहाड़ों में सुबह-सुबह बहने वाली हवा मानो यह याद दिला रही है कि सर्दियों का असली मौसम अब करीब है। कई इलाकों में धुंध पड़ गई हैं। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान माइनस 0.8 डिग्री तक लुढ़क चुका है।
यह भी पढ़ें: रेणुका ठाकुर को गांववालों ने पहनाया चांदी का ताज, मां से गले लग खूब रोई विश्व चैंपियन
ऊंचाई वाले इलाकों में शीतलहर
रात के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। आश्चर्य की बात यह है कि कांगड़ा और सोलन की रात्रि शीतलहर इन दिनों शिमला से भी अधिक महसूस की जा रही है। गांवों में रात को अंगीठी, बुखारियां और गर्म पानी की मांग बढ़ गई है।
कई इलाकों में कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, मंडी जिला की बल्ह घाटी और बिलासपुर में भाखड़ा बांध के आसपास आज कोहरे का यलो अलर्ट जारी है। इस दौरान दृश्यता 100 मीटर तक गिर सकती है, जिससे वाहन चालकों को सावधानी बरतनी होगी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल : गांव की बेटी बनी अफसर, माता-पिता ने खुशी में बांटे लड्डू; मनाया जश्न
पर्यटकों के लिए संकेत
जो पर्यटक शिमला, कुफरी, नारकंडा, मनाली और धर्मशाला की ओर रुख कर रहे हैं, उन्हें अब थर्मल कपड़े, दस्ताने, मफलर और जैकेट साथ रखना जरूरी हो गया है। हालांकि अगले 6 दिन मौसम साफ रहने से पहाड़ी दृश्य बेहद सुंदर नजर आएंगे।
धूप खिलने से दिन का मौसम मनभावन रहेगा, लेकिन शाम 5 बजे के बाद ठंडी हवाएं अचानक तेज महसूस होंगी। पर्यटन कारोबारियों के अनुसार, ठंड बढ़ने के साथ विंटर सीजन टूरिज्म पिक मोड में जाने वाला है।
किसानों और बागवानों पर असर
ऊंचे इलाकों में रात का तापमान शून्य से नीचे जाने के कारण सब्जियों, मटर, पालक और फूलगोभी की फसलों में शीतदंश (फ्रॉस्ट) का खतरा बढ़ रहा है। बागवानों को सेब के बागों में नमी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें: CM सुक्खू आज आपदा प्रभावितों को बांटेंगे पैसे : इन परिवारों को मिलेगा 4-4 लाख
स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चों के लिए सलाह
- सुबह के समय कई क्षेत्रों में ठंडी हवाएं और कोहरा बच्चों पर असर डाल सकता है
- बच्चों को सिर ढंककर और मोज़े पहनाकर स्कूल भेजना जरूरी
- सुबह-सुबह हल्का गुनगुना पानी और गरम नाश्ता प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है
- कोहरे के चलते स्कूल बस ड्राइवरों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत
यह भी पढ़ें: 4 साल पूरे होने की खुशी में सुक्खू सरकार देगी बड़े तोहफे - OPS की आस लगाए बैठे ये कर्मचारी
अगले 6 दिन धूप
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बताया कि आने वाले 6 दिन प्रदेश में बारिश या बर्फबारी के आसार नहीं। दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहने की उम्मीद। रात का तापमान ऊंचाई और मैदानी क्षेत्रों में और नीचे जाएगा।
रात का ठंडा तेवर जारी
मैदानी जिलों में कोहरा तापमान में और गिरावट लाएगा सर्दियों की दस्तक अब तय है। पहाड़ों की हवाएं अपने सुर बदल चुकी हैं। पर्यटक रोमांच महसूस करेंगे, किसान सावधानी से काम लेंगे और बच्चों के लिए अब ऊनी कपड़े अनिवार्य हो जाएंगे।
