लाहौल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के उदयपुर क्षेत्र के कुकमसेरी गांव निवासी भारतीय सेना के सिपाही अनिल का आकस्मिक निधन हो गया। वह असम रेजिमेंट में सेवारत थे और वर्तमान में पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में तैनात थे।  हृदय गति रुकने से उनकी मौत होने की जानकारी सामने आई है।

क्षेत्र में शोक की लहर

सिपाही अनिल स्वर्गीय हरिदास के पुत्र थे। उनके निधन की खबर जैसे ही पैतृक गांव और आसपास के क्षेत्र में पहुंची, शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में गाड़ी मोड़ने को लेकर बवाल: स्थानीय युवकों पर पंजाबियों ने चलाई तल*वारें- 2 की...

सिलीगुड़ी में थे तैनात

परिजनों के अनुसार अनिल भारतीय सेना की असम रेजिमेंट में अपनी सेवाएं दे रहे थे। इन दिनों उनकी तैनाती सिलीगुड़ी, पश्चिम बंगाल में थी। 23 अगस्त को अचानक हृदय गति रुकने के कारण उनका निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर आज शाम तक पैतृक गांव कुकमसेरी पहुंचने की संभावना है। इसके बाद सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किए जाने की जानकारी है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सिपाही अनिल अपने पीछे वृद्ध मां और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। जवान बेटे और परिवार के कमाऊ सदस्य को खोने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें