कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में स्थित आदि हिमानी चामुंडा ट्रैक पर लापता हुए प्रोफेशनल ट्रैकर नितिन शर्मा की तलाश में लगातार आठवें दिन भी कोई सफलता नहीं मिल पाई है। नितिन के लापता होने से उसके परिजन काफी चिंतित हैं और बेटे के सही-सलामत घर लौटने की कामना कर रहे हैं।

कहां चला गया है नितिन?

ऊना जिले के लोहारा गांव का रहने वाला 27 वर्षीय नितिन शर्मा 14 जून को ट्रैकिंग पर निकला था, लेकिन उसके बाद से उसका कोई अता-पता नहीं है। अब तक चले तलाशी अभियान में न तो उसके पदचिन्ह मिले हैं और न ही कोई ऐसा सुराग, जिससे उसके ठिकाने का अनुमान लगाया जा सके।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : एक झटके में उजड़ गया परिवार, पहले दो बेटों की अर्थी को पिता ने दिया कंधा, अब बेटी ने भी छोड़ी दुनिया

बेटे की तलाश में निकला पिता

शनिवार को मौसम साफ रहा, लेकिन ऊंचाई पर विजिबिलिटी काफी कम थी। इसके बावजूद एसडीआरएफ, पुलिस, जिला आपदा प्रबंधन और ट्रैकर साथियों की संयुक्त टीम ने तेलंग पास और लगभग 5000 मीटर ऊंची पहाड़ियों तक तलाशी अभियान चलाया। परंतु नितिन से जुड़ा कोई ठोस संकेत हाथ नहीं लग पाया है। अब नितिन के पिता और उसके कुछ मित्र भी स्वयं पहाड़ों की ओर निकल पड़े हैं, ताकि बेटे की तलाश में कोई कसर न छूटे।

नहीं मिला कोई फुटमार्क

सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि नितिन वास्तव में इस ट्रैक पर गया भी था या नहीं, क्योंकि अभी तक जिस इलाके में तलाशी ली गई, वहां उसके किसी प्रकार के फुटमार्क या ठहराव के संकेत नहीं मिले हैं। इससे सर्च टीम भी असमंजस में है। अनुमान लगाया जा रहा है कि कहीं वह किसी अन्य दिशा में मुड़ गया हो या किसी आपात स्थिति में रास्ता भटक गया हो।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पांच दिन पहले मानसून की एंट्री, कई जिलों पर मंडरा रहा खतरा; नदी-नालों से रहें दूर

चप्पा-चप्पा तलाश रही पुलिस

इधर, पुलिस उसकी मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स की मदद से भी खोजबीन को आगे बढ़ा रही है। तकनीकी पहलुओं से जुड़ी टीमें लगातार संभावित लोकेशनों को ट्रैक कर रही हैं। ASP कांगड़ा हितेश लखनपाल ने बताया कि सर्च अभियान अभी भी तेज़ी से चल रहा है और उम्मीद है कि जल्द ही कोई सुराग मिलेगा। नितिन शर्मा के परिवार की पीड़ा और भी गहराती जा रही है। अब सभी की निगाहें सर्च टीम की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

एक युवक लौटा घर

उधर, एक राहत भरी खबर इस बीच, एक और लापता युवक की गुमशुदगी का मामला सुलझ गया है। छत्तीसगढ़ का मूल निवासी 23 वर्षीय सुंदर लाल, जो पिछले 5 दिनों से मैक्लोडगंज से लापता था, शनिवार को सकुशल अपने घर लौट आया है। पुलिस के अनुसार, युवक अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था और उसने परिजनों को इसकी जानकारी नहीं दी थी। फिलहाल वह सुरक्षित है और परिवार को सौंप दिया गया है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें