देहरा (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में अपनी सादगी और हमेशा चेहरे पर मंद मुस्कान रखने वाली  मिसेज सीएम एवं देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर का एक अलग ही रूप गुरुवार को देखने को मिला। कमलेश ठाकुर का अंदाज़ उस वक्त पूरी तरह बदल गया, जब उन्होंने देहरा विधानसभा क्षेत्र के ढलियारा स्थित सीबीएसई राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में बिना सूचना के दस्तक दी। यह दौरा पूर्व निर्धारित नहीं था, लेकिन हालात देखकर मौके पर ही हालात निरीक्षण से एक्शन में बदल गए।

सीबीएसई स्कूल का निरीक्षण करने पहुंची विधायक

दरअसल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी और देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर ढलियारा स्थित सीबीएसई राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में अचानक औचक निरीक्षण के लिए पहुंचीं। इस दौरान वहां की बदहाली देख उनका धैर्य जवाब दे गया। शिक्षा के मंदिर में पसरी गंदगी और अव्यवस्था को देख विधायक इस कदर बिफर गईं कि उन्होंने न केवल स्टाफ की जमकर क्लास ली, बल्कि अधिकारियों को भी दो.टूक लहजे में कर्तव्य का पाठ पढ़ा दिया।

 

यह भी पढ़ें : स्वास्थ्य विभाग को नहीं भायी सुक्खू सरकार की नई हेल्थ बीमा योजना, पेडिंग में डाली फाइल; जानें वजह

 

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने लोक निर्माण विभाग और बिजली विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर ही बुला लिया। विधायक ने दोनों विभागों के अधिकारियों को दो टूक शब्दों में निर्देश दिए कि सभी खामियों को तुरंत दुरुस्त किया जाए, वरना सख्त कार्रवाई तय मानी जाए।

स्कूल में फैली गंदगी देख भड़की मिसेज सीएम

विधायक कमलेश ठाकुर क्षेत्र के प्रवास पर थीं और उन्होंने बिना किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अचानक ढलियारा स्कूल का रुख किया। जैसे ही वह स्कूल परिसर के भीतर दाखिल हुईं, वहां की बदहाल हालत और चारों ओर फैली गंदगी को देखकर वह दंग रह गईं। हमेशा शांत रहने वाली विधायक का पारा इस कदर चढ़ा कि उन्होंने मौके पर ही स्टाफ को तलब कर लिया। उन्होंने तीखे लहजे में सवाल किया, सरकार इस स्कूल पर सालाना एक करोड़ रुपये खर्च कर रही है, फिर यह लापरवाही क्यों? क्या आप अपने घरों में भी इसी तरह की गंदगी के बीच रहते हैं।

यह भी पढ़ें : HRTC बस में 13 साल के लड़के से मिला 80 लाख का चिट्टा : अमृतसर से रिश्तेदार ने दिया था बैग

क्लास फेलो प्रिंसिपल की भी लगा दी क्लास

निरीक्षण के दौरान सबसे दिलचस्प और सख्त लम्हा तब आया जब विधायक की नजर स्कूल के कार्यकारी प्रिंसिपल पर पड़ी। विधायक ने उन्हें टोकते हुए कहा कि तुम तो मेरे क्लास फेलो रहे हो... हमारे समय में तो हर जगह सफाई और अनुशासन होता था, फिर आज ये हाल क्यों? पुरानी यादों के साथ दी गई इस फटकार ने वहां मौजूद हर शख्स को सन्न कर दिया। प्रिंसिपल के पास विधायक के इन तीखे सवालों का कोई ठोस जवाब नहीं था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : लेडी गेटअप कर दुकान में घुसे लड़के, दुपट्टे से ढका चेहरा- पुलिस ने नकदी संग धरे

बच्चे नहीं ले रहे इस सीबीएसई स्कूल में एडमिशन

विधायक की नाराजगी की एक बड़ी वजह स्कूल में एडमिशन की दयनीय स्थिति भी रही। सीबीएसई पैटर्न लागू होने के बावजूद स्कूल में दाखिले लगभग ठप हैं। बैठने की उचित व्यवस्था न होने के कारण छात्र यहां आने से कतरा रहे हैं। विधायक ने स्पष्ट किया कि जब बुनियादी सुविधाएं ही नहीं होंगी, तो अभिभावक अपने बच्चों को यहाँ क्यों भेजेंगे? 

डे.बोर्डिंग स्कूल का होगा कायाकल्प

कमलेश ठाकुर ने घोषणा की कि ढलियारा में आधुनिक राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के भवन का निर्माण जल्द शुरू होगा, जिसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने अधिकारियों और शिक्षा विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था के साथ खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं होगा। यह मेरा घर है, मेरा निर्वाचन क्षेत्र है। लापरवाही बरतने वालों के लिए यहां कोई जगह नहीं है। यह तो बस शुरुआत हैए आने वाले समय में ऐसे औचक निरीक्षणों का सिलसिला थमेगा नहीं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें