मंडी। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बीच मंगलवार शाम सुंदरनगर उपमंडल के जमंगबाग स्थित BBMB कॉलोनी में बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक दरक गया और देखते ही देखते दो मकान मलबे में दब गए।
मलबे में दफन हुए 6 लोग
इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। मृतकों की पहचान-
- गुरप्रीत सिंह (30)
- भारती (28) पत्नी गुरप्रीत सिंह
- कीरत (3) बेटी गुरप्रीत सिंह
- सुरेंद्र कौर (60) मां गुरप्रीत सिं
- शांति देवी (70) पड़ोसी गुरप्रीत सिंह
इसके अलावा डढ़याल निवासी प्रकाश शर्मा स्कूटर सहित मलबे में दब गया। उसका शव देर रात बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि प्रकाश शर्मा के साथ कोई और भी था और एक टाटा सूमो दबे होने की आशंका के चलते सर्च ऑपरेशन जारी है।
यह भी पढ़ें : सावधान! पूरे हिमाचल में भारी से भारी बारिश का अलर्ट, अगले 24 घंटे जमकर बरसेगी आफत
देर रात चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के तुरंत बाद प्रशासन, पुलिस, NDRF, SDRF और होमगार्ड की टीमें मौके पर पहुंचीं और रातभर रेस्क्यू अभियान जारी रखा। कई शवों को निकालने के लिए घर की छत काटनी पड़ी। बुधवार सुबह तक मलबे से सभी छह शव बाहर निकाले गए और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
विधायक और प्रशासन मौके पर
सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल, डीसी मंडी अपूर्व देवगन और एसपी साक्षी वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। विधायक जम्वाल ने कहा कि प्रशासन पूरी तत्परता से रेस्क्यू कार्य कर रहा है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पंचायत चुनावों को पोस्टपोन करने पर CM सुक्खू ने दिया बड़ा बयान, जानें क्या बोले
लोगों का फूटा आक्रोश
वहीं, हादसे के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। लोगों का कहना है कि ये हादसा मानवीय लापरवाही के कारण पेश आया है। उन्होंने कहा कि बरसात की बीच विभाग ने घरों के पास कंटिन कर पाइप डालने का काम शुरू किया था। जिसके कारण पहाड़ कमजोर हो गया था और भारी बारिश के कारण वो गिर गया। लोगों का कहना है कि यह काम बरसात खत्म होने के बाद भी किया जा सकता था।
बर्बाद हुए घर, मातम में डूबा इलाका
भूस्खलन से सुरेंद्र कौर और शांति देवी के घर पूरी तरह मिट गए, जबकि पास का कुलदीप का मकान भी दरकने की कगार पर है। हादसे के बाद इलाके में मातम पसर गया। रिश्तेदार और पड़ोसी सदमे में हैं कि चंद पलों में पूरा परिवार तबाह हो गया।
