शिमला। राजधानी शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज यानी IGMC में मरीज से मारपीट के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। एक तरफ जहां सरकार ने मामले को गंभीर मानते हुए आरोपी डॉक्टर राघव निरुला की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। वहीं, दूसरी ओर इस फैसले के विरोध में रेजिडेंट डॉक्टरों ने IGMC के मुख्य गेट पर गेट मीटिंग कर नाराजगी जाहिर की। साथ ही सरकार के फैसले को एकतरफा करार देते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात करने का निर्णय लिया।

CM सुक्खू से मुलाकात कर रखेंगे अपना पक्ष

हालांकि, रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन ने बैठक के बाद फिलहाल अस्पताल में ओपीडी, जनरल वार्ड और आपातकालीन सेवाएं जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने 108-102 कर्मियों की हड़ताल का निकाला तोड़ : चलाएंगे अपनी AMBULANCE

एसोसिएशन के अध्यक्ष सोहिल शर्मा ने बताया कि गेट मीटिंग में यह तय किया गया है कि वरिष्ठ डॉक्टर एसोसिएशन के साथ चर्चा के बाद ही आगे की रणनीति बनाई जाएगी। इसके साथ ही रेजिडेंट डॉक्टरों का एक प्रतिनिधिमंडल इस पूरे मामले को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात करेगा और अपना पक्ष रखेगा।

सरकार ने समाप्त की हैं डॉक्टर की सेवाएं

गौरतलब है कि हाल ही में IGMC के एक वार्ड में डॉक्टर और मरीज के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया। शुरुआत में IGMC प्रशासन ने आरोपी डॉक्टर को निलंबित किया था, लेकिन मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचने के बाद सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए उनकी सेवाएं समाप्त कर दीं।

यह भी पढ़ें : बहादुर महिला ने गुंडों से बचाया पहलवान, गो*ली चलाने के बाद बेरहमी से बरसा रहे थे डंडे

इस बीच, आरोपी डॉक्टर राघव निरुला ने एक वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने बताया कि वह वार्ड में मरीज की सिटी रिपोर्ट देखने गए थे और मरीज से सामान्य बातचीत के दौरान गलतफहमी पैदा हो गई।

डॉक्टर बोला अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया

डॉक्टर का आरोप है कि मरीज और उसके साथ मौजूद लोगों ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, यहां तक कि माता-पिता को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। राघव का कहना है कि वह पिछले आठ वर्षों से ईमानदारी से सेवाएं दे रहे हैं और इससे पहले कभी इस तरह की स्थिति नहीं बनी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें