#अपराध
December 25, 2025
हिमाचल : बहादुर महिला ने गुंडों से बचाया पहलवान, गो*ली चलाने के बाद बेरहमी से बरसा रहे थे डंडे
विभिन्न धाराओं के तहत मामला हुआ दर्ज
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश में आपराधिक घटनाओं का ग्राफ दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। हाल ही में ऊना जिले में हुए आशु हत्याकांड के बाद प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पुलिस प्रशासन को खुली छूट देते हुए कहा था कि किसी भी सूरत में हिमाचल प्रदेश में गन कल्चर को पनपने मत दो। लेकिन बीते कल सोलन जिला के नालागढ़ क्षेत्र में एक मशहूर पहलवान के साथ पेश आई घटना ने एक बार फिर से प्रदेश में सनसनी फैला दी है।
जानकारी के अनुसार, नालागढ़ क्षेत्र में मशहूर पहलवान सल्लेवाल निवासी विजय कुमार राणा अपने भतीजे के साथ राजपुरा मार्ग से गुजर रहे थे, इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले फायरिंग की और फिर तेजधार हथियारों, डंडों और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमलावरों ने विजय की कनपटी पर बंदूक तानते हुए धमकी भी दी कि “आगे तुम्हारे साथ बहुत कुछ हो सकता है।” इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें विजय को सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटते हुए साफ देखा जा सकता है। घटना उस समय रुकी, जब एक साहसी महिला बीच-बचाव के लिए आगे आई। महिला के हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से गाड़ियों में फरार हो गए।
हमले में विजय कुमार राणा और उनका भतीजा दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले नालागढ़ सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। इलाज के बाद दोनों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। पीड़ित विजय कुमार ने पुलिस को दिए बयान में कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी नालागढ़ भीष्म ठाकुर के अनुसार, इस मामले में दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर क्रॉस केस दर्ज किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि विवाद सब्जी मंडी के नियंत्रण को लेकर लंबे समय से चला आ रहा था, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया।
उधर, बद्दी पुलिस ने सोशल मीडिया पर फैल रही गैंगस्टर से जुड़ी अफवाहों का खंडन किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस घटना का किसी भी गैंगस्टर या संगठित गिरोह से कोई संबंध नहीं है और यह पूरी तरह आपसी विवाद का परिणाम है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।