शिमला। हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से चल रहे शुष्क मौसम के बीच अब अगले दो दिनों के दौरान हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि यह बदलाव ज्यादा प्रभावी नहीं होगा, लेकिन ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जरूर जताई गई है। इसके बाद एक बार फिर प्रदेश भर में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।
ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, कल और परसों हिमाचल के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा दर्ज की जा सकती है। हालांकि मैदानी इलाकों में इन दोनों दिनों भी मौसम पूरी तरह साफ बना रहेगा।
यह भी पढ़ें : केंद्र की सख्ती पर CM सुक्खू ने बुलाई कैबिनेट, नए साल से पहले होंगे कड़े फैसले
22 दिसंबर से साफ रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 22 दिसंबर से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। अगले एक सप्ताह के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना रहेगा। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि फिलहाल ठंड में ज्यादा तेजी आने के आसार नहीं हैं।
शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बढ़ेगा पारा
मौसम विभाग के मुताबिक शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कुछ क्षेत्रों में तापमान में सामान्य से काफी अधिक उछाल देखने को मिलेगा। अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 8 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच, मध्यम ऊंचाई वाले भागों में 16 से 22 डिग्री और मैदानी इलाकों में 20 से 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल दौरे पर आ रहे अमित शाह, आमने-सामने बैठ कर CM सुक्खू मांगेंगे प्रदेश का हक
न्यूनतम तापमान भी रहेगा सामान्य से ज्यादा
न्यूनतम तापमान की बात करें तो निचले और मैदानी क्षेत्रों में पारा 2 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 0 से 8 डिग्री और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में माइनस 8 से 2 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। कुल्लू और शिमला के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में अपेक्षाकृत ज्यादा उछाल आने के संकेत हैं।
मैदानी जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज मंडी और बिलासपुर के कुछ क्षेत्रों में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा सिरमौर, सोलन, कांगड़ा, ऊना और हमीरपुर के निचले इलाकों में भी कोहरा छाने से लोगों को परेशानी हो सकती है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल BJP विधायक का भतीजा चिट्टे संग अरेस्ट : जंगल में कर रहा था तस्करी, मशीन भी बरामद
कई शहरों में 7 डिग्री तक ज्यादा तापमान
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बादल जरूर छाए रहे, जिससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों ही सामान्य से ऊपर बने हुए हैं। कई शहरों में पारा सामान्य से 7 डिग्री तक अधिक रिकॉर्ड किया गया है।
पर्यटन स्थलों पर हलचल
मौसम में इस बदलाव के बीच पर्यटन स्थलों पर भी रौनक बनी हुई है। मनाली में ठंड से बचने के लिए पर्यटक गर्म कपड़ों की खरीदारी करते नजर आ रहे हैं, हालांकि बर्फबारी नहीं होने से सैलानी मायूस भी दिख रहे हैं।
