सोलन। हिमाचल प्रदेश की नौणी यूनिवर्सिटी ने छात्रों को बड़ी राहत दी है। छात्रों के विरोध और बातचीत के बाद यूनिवर्सिटी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए फीस कम कर दी है। UG और PG दोनों कोर्स की सामान्य और सेल्फ फाइनेंसिंग सीटों की फीस घटाई गई है। अब नए सत्र में दाखिला लेने वाले छात्रों को पहले के मुकाबले कम फीस देनी होगी।

UG सामान्य सीट की फीस 19,200 रुपये कम

नई फीस के मुताबिक UG की सामान्य सीट के लिए अब छात्रों को 68,700 रुपये की जगह 49,500 रुपये देने होंगे। यानी फीस में सीधे 19,200 रुपये की कमी की गई है। इससे सामान्य सीट पर दाखिला लेने वाले छात्रों को काफी राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : घर से टायर लेने निकला था पूर्व प्रधान का बेटा, पंजाब की नहर में तैरती मिली देह

UG सेल्फ फाइनेंसिंग सीट में भी बड़ी कटौती

UG की सेल्फ फाइनेंसिंग सीट की फीस भी घटाई गई है। पहले इसके लिए 1.27 लाख रुपये देने पड़ते थे, लेकिन अब यह फीस 99,990 रुपये कर दी गई है। यानी छात्रों को पहले के मुकाबले 28,010 रुपये कम देने होंगे।

PG सामान्य सीट की फीस 32 हजार रुपये घटी


PG की सामान्य सीट के लिए भी फीस में बड़ी कटौती की गई है। पहले जहां छात्रों को 87,000 रुपये देने होते थे, वहीं अब यह फीस घटाकर 55,000 रुपये कर दी गई है। इससे छात्रों को सीधे 32,000 रुपये की बचत होगी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : बस स्टार्ट छोड़ ड्राइविंग सीट से उतरा ड्राइवर, ढलान में लुढ़की; मची चीख-पुकार

PG सेल्फ फाइनेंसिंग सीट पर 37 हजार की राहत

PG की सेल्फ फाइनेंसिंग सीट की फीस भी कम कर दी गई है। पहले यह फीस 1.42 लाख रुपये थी, जिसे अब घटाकर 1.05 लाख रुपये कर दिया गया है। यानी छात्रों को 37,000 रुपये की राहत मिलेगी।

प्रवेश शुल्क भी हुआ आधे से ज्यादा कम

विश्वविद्यालय ने सिर्फ कोर्स फीस ही नहीं, बल्कि प्रवेश शुल्क में भी कटौती की है। पहले 15,000 रुपये का प्रवेश शुल्क लिया जाता था, जिसे अब घटाकर 7,000 रुपये कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के अफसर और कर्मियों ने किया मनरेगा में घोटाला- 55 लाख डकारे, FIR दर्ज

प्लेसमेंट और सिक्योरिटी फीस भी कम

प्लेसमेंट मार्गदर्शन शुल्क भी घटाया गया है। अब छात्रों को इसके लिए 1,000 रुपये की जगह सिर्फ 300 रुपये देने होंगे। वहीं रिफंडेबल कॉलेज सिक्योरिटी 2,000 रुपये से घटाकर 1,000 रुपये कर दी गई है।

2026-27 सत्र से लागू होगी नई फीस

विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी सुचेत अत्री ने बताया कि फीस की यह नई व्यवस्था शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू होगी। फीस कम होने से विश्वविद्यालय में दाखिला लेने वाले छात्रों और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ पहले के मुकाबले कम होगा।