हमीपुर। हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार भारतीय वायु सेना का भव्य एयर शो आयोजित होने जा रहा है। जिला हमीरपुर में होने वाले इस खास आयोजन में वायु सेना के जांबाज अपने हैरतअंगेज हवाई करतबों से आसमान में रोमांच की नई कहानी लिखेंगे। यह शो न सिर्फ लोगों के लिए यादगार अनुभव होगा, बल्कि युवाओं में देशभक्ति और वायु सेना के प्रति गर्व की भावना भी जगाएगा।
सैनिक स्कूल के मैदान में होगा एयर शो
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदेश में पहली बार भारतीय वायु सेना एक बड़ा और खास सिविल एयर शो करने जा रही है। यह शानदार कार्यक्रम हमीरपुर जिले के सुजानपुर टीहरा स्थित सैनिक स्कूल के मैदान में होगा। इश एयर शो को लेकर इलाके में पहले से ही उत्साह का माहौल है। क्योंकि ऐसा नजारा लोगों ने इससे पहले कभी नहीं देखा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : बर्फ के बीच बह रही नहर में मिला भ्रूण, गांव वालों का फूटा गुस्सा- मां को तलाश रही पुलिस
रक्षा मंत्री ने दी शो की मंजूरी
इस आयोजन के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मंजूरी मिल चुकी है, जिससे साफ हो गया है कि यह कार्यक्रम पूरी तरह आधिकारिक और सुरक्षित होगा। वायु सेना का यह शो आम लोगों के लिए किसी बड़े त्योहार से कम नहीं माना जा रहा है, जिसमें आसमान में जहाजों के करतब देखने का मौका मिलेगा।
11 सूर्य किरण विमान दिखाएंगे दमखम
सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा की प्रधानाचार्य ग्रुप कैप्टन रचना जोशी ने बताया कि इस सिविल एयर शो में भारतीय वायु सेना की मशहूर ‘सूर्य किरण’ एरोबैटिक टीम के 11 विमान हिस्सा लेंगे। ये विमान आसमान में उड़ते हुए ऐसे-ऐसे करतब दिखाएंगे, जिन्हें देखकर लोग दंग रह जाएंगे।
यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य सिंह ने पेश की सादगी की मिसाल, प्रशंसक के आग्रह पर फोटोग्राफर बनी बुशहर की रानी
उन्होंने कहा कि इस शो का मकसद सिर्फ मनोरंजन नहीं है, बल्कि आम लोगों को यह दिखाना भी है कि भारतीय वायु सेना कितनी सक्षम और ताकतवर है। साथ ही बच्चों और युवाओं को वायु सेना में जाने के लिए प्रेरित करना भी इस आयोजन का बड़ा उद्देश्य है।
तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन
एयर शो को लेकर वायु सेना, सैनिक स्कूल, प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन सभी मिलकर तैयारियों में जुट गए हैं। वायु सेना के अधिकारियों ने सुजानपुर के चौगान मैदान और आसपास के इलाकों का दौरा किया और पाया कि यह जगह एयर शो के लिए बिल्कुल सही है। सुरक्षा, दर्शकों की व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतज़ामों पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस के हत्थे चढ़े दो दोस्त : कार में ले जा रहे थे चरस का जखीरा, बड़े नेटवर्क का होगा खुलासा
कब होगा आयोजन ?
यह एयर शो होली के कुछ दिन बाद 10 मार्च को रखा गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसमें शामिल हो सकें। वायु सेना के जांबाज़ पायलट जब आसमान में अपने हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे, तो देखने वालों की सांसें थम जाएंगी।
प्रधानाचार्य ने किया इन जिलों से किया खास आग्रह
प्रधानाचार्य ग्रुप कैप्टन रचना जोशी ने जिला प्रशासन से अपील की है कि हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी जिलों के लोग, खासतौर पर बच्चे और छात्र, इस कार्यक्रम को देखने जरूर आएं, ताकि वे वायु सेना के प्रति प्रेरित हो सकें और देश के लिए कुछ करने का जज्बे अपने भीतर महसूस कर सकें।
