शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह रौद्र रूप दिखाने लगा है। बीती रात से शुरू हुई तेज बारिश ने कई जिलों में हालात बिगाड़ने शुरू कर दिए हैं। किन्नौर में नाले उफान पर हैं, पुल और घरों पर खतरा मंडरा रहा है, जबकि मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे को बेहद संवेदनशील बताते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

किन्नौर में नाले में आई बाढ़, सड़क भी बही

भारी बारिश के बाद किन्नौर के लिप्पा गांव में पेजर खड्ड में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे एक पुल और तीन से चार घरों पर खतरा पैदा हो गया है। वहीं चेरंग खड्ड के तेज बहाव में रिस्पा गांव को जोड़ने वाली सड़क बह गई है, जिससे स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

 

यह भी पढ़ें :  "तुम कु*त्ते कितनी भी..." हिमाचल की युवती ने ट्राइबल समुदाय पर की अभद्र टिप्पणी, लोग भड़के- FIR दर्ज

इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने गुरुवार को कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिले के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, चंबा, कुल्लू और सोलन जिले में येलो अलर्ट रहेगा। विभाग के अनुसार कई स्थानों पर दो से तीन दौर की भारी बारिश हो सकती है।

फ्लैश फ्लड और लैंडस्लाइड का खतरा

आईएमडी ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और जलभराव की घटनाएं बढ़ सकती हैं। किन्नौर और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात भी संभव है। इसके अलावा प्रदेश के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में मानसून की एंट्री से बढ़ा खतरा- मूसलाधार बारिश का अलर्ट, 35 सड़कें बंद

5 और 6 जुलाई को फिर बिगड़ेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 3 जुलाई को भी कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी। 4 जुलाई को मौसम में थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन 5 और 6 जुलाई को पश्चिमी विक्षोभ दोबारा सक्रिय होने से मंडी और सिरमौर समेत कई क्षेत्रों में फिर भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल सरकार का बड़ा ऐलान! अब आपदा प्रभावित इलाकों में भी मिलेगा रोजगार- दिहाड़ी भी बढ़ाई

तापमान में आएगी बड़ी गिरावट

लगातार बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। बीते 24 घंटों में भी औसत अधिकतम तापमान में 5.4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें