सिरमौर। मां बनने की खुशी का पल उस समय और खास हो गया, जब अस्पताल पहुंचने से पहले ही 108 एंबुलेंस में बच्चे की किलकारी गूंज उठी। पांवटा साहिब से नाहन रेफर की गई 25 वर्षीय गर्भवती महिला राधा की रास्ते में ही डिलीवरी हो गई। हालात ऐसे बने कि एंबुलेंस को ही डिलीवरी रूम बनाना पड़ा। इस मुश्किल घड़ी में EMT किरण ने अपनी सूझबूझ और अनुभव से सुरक्षित प्रसव करवाया।
दोपहर 1:40 बजे मिला इमरजेंसी केस
जानकारी के अनुसार, माजरा में तैनात 108 एंबुलेंस को दोपहर करीब 1 बजकर 40 मिनट पर गर्भवती महिला का इमरजेंसी केस मिला। महिला को पांवटा साहिब से नाहन रेफर किया गया था। सूचना मिलते ही एंबुलेंस महिला को लेकर नाहन के लिए रवाना हो गई।
यह भी पढ़ें : गांधी परिवार पर सवाल कर बुरी फंसी सांसद कंगना, FIR दर्ज- सोशल मीडिया पोस्ट से मचा बवाल
दो सड़का के पास बढ़ी प्रसव पीड़ा
रास्ते में महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ने लगी। शाम करीब 3 बजकर 40 मिनट पर जब एंबुलेंस नाहन के दो सड़का के पास पहुंची, तो महिला की हालत को देखते हुए एंबुलेंस में ही डिलीवरी करवानी पड़ी। EMT किरण ने बिना घबराए स्थिति को संभाला और सुरक्षित तरीके से प्रसव करवाया। इस दौरान पायलट नरेंद्र ने भी उनकी मदद की।
पहले भी कई बार करवा चुकी हैं डिलीवरी
बताया जा रहा है कि EMT किरण इससे पहले भी पांवटा साहिब से रेफर की गई कई गर्भवती महिलाओं का 108 एंबुलेंस में प्रसव करवा चुकी हैं। अस्पताल पहुंचने से पहले महिला की डिलीवरी की स्थिति बन जाना एंबुलेंस स्टाफ के लिए बड़ी चुनौती होती है। सीमित संसाधनों और मुश्किल हालात में प्रसव करवाना आसान नहीं होता। ऐसे समय में EMT का अनुभव और सूझबूझ काफी काम आती है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कैबिनेट: सुक्खू सरकार ने 1500 से अधिक पदों पर भर्ती को दी मंजूरी, पुलिस भर्ती में भी बदलाव
जच्चा-बच्चा दोनों अस्पताल में भर्ती
इस मामले में भी EMT किरण और पायलट नरेंद्र ने समय रहते स्थिति संभालते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाई। प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। 108 एंबुलेंस स्टाफ की इस तत्परता और जिम्मेदारी की सराहना की जा रही है। एक बार फिर एंबुलेंस कर्मियों ने मुश्किल समय में अपनी अहम भूमिका निभाई है।
