शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन बंदर किसी न किसी पर्यटकों को अपना शिकार बना रहे है। ताजा मामले में शिमला के रिज रोड़ पर एक बंदर ने युवती पर हमला कर दिया। जिसके बाद वहां पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बंदर ने किया युवती पर हमला
बता दें कि ये घटना करीब वीरवार शाम 6 बजे की है, जब एक युवती रिज रोड से होकर गुजर रही थी। इस दौरान शिमला के रिज पर स्थित टाउन हॉल के समीप बंदर ने युवती पर हमला किया और बंदर पर्स छीनकर तुरंत टाउन हॉल की छत पर चढ़ गया। युवती ने बताया कि उसके पर्स में लगभग 3500 रुपए थे।
यह भी पढें: शिमला SSP को रात डेढ़ बजे बेबस मां ने किया फोन, कहा- मेरे नशेड़ी बेटे को जेल ले जाओ, नहीं तो.....
फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची
जानकारी के अनुसार, बंदर के हमले से युवती डर गई और डर के मारे चीख निकल गई। जिसके बाद वहां लोग इकट्ठा हो गए। लोगों द्वारा बंदर को डराने का प्रयास किया गया लेकिन बंदर डरा नहीं जिसके बाद वहां स्थित फायर ब्रिगेड से एक टीम और सीढ़ी मंगवाई और एक युवक ने सीढ़ी के जरिए छत पर चढ़कर पैसे निकाले।
2000 रूपए बरामद, पर्स लेकर फरार हुआ बंदर
काफी मशक्कत के बाद लोगों के डराने पर बंदर से 2000 रुपए वहीं छूट गए, लेकिन बाकी के पैसे लेकर वह भाग गया। शिमला में यह पहली घटना नहीं है जब बंदरों ने पर्यटकों या स्थानीय लोगों से सामान छीना हो। इससे पहले भी कई ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। यहां बंदर आइसक्रीम, अन्य खाने का सामान व मोबाइल और अन्य चीजों को निशाना बनाकर छीनते है। पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी है।
यह भी पढें: हिमाचल में अगले 3 दिन बरसेगी आफत भरी बारिश- अलर्ट पर पूरा प्रदेश, जानें मौसम अपडेट
प्रशासन से उचित कदम उठाने की मांग की
स्थानीय प्रशासन से पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने की मांग की जा रही है। पर्यटकों को भी सलाह दी जाती है कि वे बंदरों के आसपास सावधानी बरतें और अपना सामान सुरक्षित रखें।
