नई दिल्ली / शिमला। देश की राजधानी नई दिल्ली में प्रतिष्ठित 'फेथ टूरिज्म कॉन्क्लेव 2026' (FAITH Tourism Conclave 2026) का आयोजन हुआ। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री और हिमाचल के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में पर्यटन क्षेत्र को भारत के आर्थिक विकास का सबसे शक्तिशाली इंजन बताया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि पर्यटन न केवल देश की अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार दे रहा है, बल्कि रोजगार सृजन, नए स्टार्ट-अप्स और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने में भी ऐतिहासिक भूमिका निभा रहा है।

पर्यटन के क्षेत्र में मिलेंगे 10 करोड़ रोजगार

अपने संबोधन के दौरान अनुराग ठाकुर ने साल 2047 तक 'विकसित भारत' के संकल्प में पर्यटन की भूमिका का एक विराट खाका देश के सामने रखा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2047 तक भारत की कुल जीडीपी में अकेले पर्यटन क्षेत्र का योगदान 10 प्रतिशत रहने का अनुमान है। यह सेक्टर आने वाले समय में देश के युवाओं के लिए 10 करोड़ से अधिक रोजगार के नए अवसर पैदा करने की क्षमता रखता है। हम भारत में एक ऐसे 3 ट्रिलियन डॉलर के भव्य पर्यटन इकोसिस्टम का निर्माण कर रहे हैं, जो पूरी तरह से वर्ल्ड-क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर पर आधारित होगा।

 

यह भी पढ़ें : अगले 2 दिन रेड अलर्ट पर हिमाचल, फ्लैश फ्लड, बाढ़ - बादल फटने की चेतावनी; सावधान रहें लोग

विदेशी सैलानियों को मिल रहा बदलता भारत

अनुराग ठाकुर ने विदेशी पर्यटकों के नजरिए में आए एक बड़े बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि अक्सर विदेशी सैलानी भारत में रंग, अव्यवस्था और आध्यात्मिकता की उम्मीद लेकर आते हैं। लेकिन यहां कदम रखते ही वह अतुल्य भारत को देखकर हैरान रह जाते हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज का भारत दुनिया को चमत्कृत कर रहा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पति को चाय में नींद की गो.ली देकर फरार हुई नई नवेली दुल्हन, 3 माह पहले हुई थी शादी

देवभूमि हिमाचल में बदल रही पर्यटन की तस्वीर

हिमाचल प्रदेश से आने वाले अनुराग ठाकुर ने कॉन्क्लेव के मंच से अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाओं और वहां चल रहे अभिनव प्रयासों पर भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि आज भारत का घरेलू पर्यटन बाजार दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ रहा है। देश में लगातार चौड़े होते हाईवेज, अत्याधुनिक एयरपोर्ट्स, भारतीय रेलवे का आधुनिकीकरण और नए उभरते हुए क्रूज सर्विसेज जैसे बेहतरीन बुनियादी ढांचे ने पर्यटन की पूरी तस्वीर बदल दी है। अब एडवेंचर, मेडिकल, हेरिटेज से लेकर माइस (MICE) टूरिज्म तक, हर क्षेत्र में भारत ग्लोबल लीडर बनने की ओर अग्रसर है।

 

यह भी पढ़ें : कभी वीरभद्र खेमे के विरोधी रहे कौल सिंह ने क्यों लिया राजनीति से सन्यास, अधूरी रह गई CM बनने की हसरत

पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना

अनुराग ठाकुर ने देश में चल रही इस पर्यटन क्रांति का पूरा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील और दूरदर्शी नेतृत्व में हम भारत को दुनिया का सबसे आकर्षक पर्यटन स्थल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। इसी सोच के साथ 'अतुल्य भारत: अमूल्य अर्थशास्त्र' के विज़न को साकार किया जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें : हमे किसी का डर नहीं!... विक्रमादित्य सिंह के दौरे में PWD अधिकारी गायब, मंत्री ने लगाई क्लास- मांगा जवाब

 

भाषण के समापन पर उन्होंने नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के दिग्गजों और विशेषज्ञों को एक मंच पर लाने के लिए 'फेथ' संस्था की जमकर सराहना की। ठाकुर ने कहा कि सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देने के फेथ के ये प्रयास भारतीय पर्यटन के भविष्य को एक स्वर्णिम दिशा देंगे।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें