कांगड़ा। धर्मशाला के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में इस बार कुछ अलग देखने को मिलेगा। क्रिकेट मैचों के लिए मशहूर इस स्टेडियम में अब संगीत की धूम मचने वाली है। दिसंबर में होने वाले एक खास आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं, जिससे कांगड़ा में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देश पर हो रहे इस कार्निवल का मकसद कांगड़ा में पर्यटन को बढ़ावा देना और और आयोजन के लिए जरूरी धनराशि जुटाना है।

कॉन्सर्ट में जाने के लिए लेना होगा टिकट

DC कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट में शामिल होने के लिए लोगों को टिकट लेना होगा। प्रशासन को उम्मीद है कि इस कार्निवल से सर्दियों में कांगड़ा आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। इससे जिले के पर्यटन कारोबार को फायदा मिल सकता है और स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

यह भी पढ़ें : 3 बच्चों की मां प्रेमी संग फरार, सोशल मीडिया पर हुई थी दोनों की दोस्ती- थाने पहुंचा पति

कार्निवल के लिए प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सभी संबंधित विभागों को साफ-सफाई, ट्रैफिक, सुरक्षा, बिजली-पानी और स्वास्थ्य सेवाओं की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्निवल में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है, इसलिए प्रशासन की ओर से सभी जरूरी व्यवस्थाओं पर खास ध्यान दिया जाएगा।

नशे के खिलाफ नुक्कड़ नाटक, मैराथन और साइक्लिंग भी होगी

कांगड़ा वैली कार्निवल में मनोरंजन के साथ लोगों को सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। इसके तहत नशे के खिलाफ ‘एंटी-चिट्टा’ नुक्कड़ नाटक आयोजित होंगे। इसके अलावा मैराथन और साइक्लिंग जैसी गतिविधियां भी करवाई जाएंगी। स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : HRTC बस में नशा तस्करी, पुलिस ने पकड़ी ढाई किलो चरस- 3 युवक गिरफ्तार

स्थानीय उत्पादों को भी मिलेगा बढ़ावा

कार्निवल में स्वयं सहायता समूहों को अपने स्टॉल लगाने का अवसर दिया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को अपने उत्पाद बेचने और उन्हें ज्यादा लोगों तक पहुंचाने का मौका मिलेगा। इस आयोजन के जरिए स्थानीय कलाकारों, छोटे कारोबारियों और पर्यटन से जुड़े लोगों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।