शिमला। हिमाचल प्रदेश के 51 शहरी निकायों में मतदान संपन्न होने के बाद अब 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतों में मतगणना का दौर शुरू हो चुका है। प्रदेशभर में धीरे-धीरे चुनाव परिणाम सामने आने लगे हैं और कई जगहों पर मुकाबला बेहद कांटे का देखने को मिल रहा है। प्रत्याशियों के साथ-साथ समर्थकों की धड़कनें भी तेज हो गई हैं।

 

नगर निकाय चुनावों की मतगणना के बीच कई चौंकाने वाले परिणाम सामने आने लगे हैं। सबसे बड़ा राजनीतिक झटका कांग्रेस को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के क्षेत्र टाहलीवाल नगर परिषद में लगा है, जहां भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की है। ऊना जिले की टाहलीवाल नगर परिषद में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने कांग्रेस को कड़ी टक्कर देते हुए बहुमत हासिल किया। यहां भाजपा के पांच पार्षद चुनाव जीतने में सफल रहे, जबकि कांग्रेस को केवल दो सीटों से संतोष करना पड़ा। डिप्टी सीएम के गृह क्षेत्र में कांग्रेस की इस हार को राजनीतिक तौर पर काफी अहम माना जा रहा है। 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर से वोट डालने निकला बुजुर्ग, पोलिंग बूथ के पास थमी सांसें- सदमे में परिवार

जुब्बल में कांग्रेस आगे

शिमला जिले की जुब्बल नगर पंचायत में कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है। यहां अब तक कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार चार सीटों पर जीत दर्ज कर चुके हैं, जबकि भाजपा के खाते में एक सीट आई है। जुब्बल में कांग्रेस की बढ़त ने पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा दिया है। मतगणना केंद्रों के बाहर समर्थकों की भीड़ जुटी हुई है और जीत के बाद जश्न का माहौल बनने लगा है।

जोगिंद्रनगर में दिलचस्प मुकाबले

मंडी जिले की जोगिंद्रनगर नगर परिषद में भी कई दिलचस्प नतीजे सामने आए हैं। यहां कुछ वार्डों में मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। एक वार्ड में जहां पति चुनाव हार गया, वहीं उसकी पत्नी ने जीत दर्ज कर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया।कई वार्डों में महिला उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की है।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने लिया ऐतिहासिक फैसला, अब जेल से बाहर नहीं आएंगे खतरनाक कैदी, जानें वजह

 

मनाली नगर परिषद का रिजल्ट

  • वार्ड नंबर से ठाकुर दास जीते
  • वार्ड नंबर 2 से प्रदीप गिल जीते
  • वार्ड नंबर तीन से ईशा ठाकुर जीती
  • वार्ड नंबर चार से नीलम ठाकुर जीती
  • वार्ड नंबर पांच से सीमा भारद्वाज जीती
  • वार्ड नंबर छह से चंद्रा देवी बौद्ध जीती
  • वार्ड नंबर सात से मनोज कुमार जीते

जोगेंद्रनगर के 7 वार्ड के नतीजे

  • वार्ड नंबर 1 से प्यार चन्द जीते
  • वार्ड नंबर 2 से संतोष कुमारी जीती
  • वार्ड नंबर 3 से अनिता देवी जीती
  • वार्ड नंबर 4 से शिखा जीती
  • वार्ड नंबर 5 से चन्द्र रेखा जीती
  • वार्ड नंबर 6 से गुरध्यान जीते
  • वार्ड नंबर 7 से रितु जीती।

करसोग के 7 वार्ड के रिजल्ट

  • वार्ड नंबर 1 से साइना देवी जीती
  • वार्ड नंबर 2 से उत्तम चन्द जीते
  • वार्ड नंबर 3 से बंसी लाल जीते
  • वार्ड नंबर 4 से नरेंद्र कुमार जीते
  • वार्ड नंबर 5 पूनम गुप्ता जीती
  • वार्ड नंबर 6 से किशोरी जीते
  • वार्ड नंबर 7 से चुनाव का बहिष्कार

डलहौजी में मुकाबला पहुंचा रोमांचक मोड़ पर

इसी बीच चंबा जिले की नगर परिषद डलहौजी का चुनाव परिणाम सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बन गया है। 9 वार्डों वाली इस नगर परिषद में अब तक 8 वार्डों के परिणाम घोषित हो चुके हैं और दोनों खेमों के बीच मुकाबला पूरी तरह बराबरी पर आकर टिक गया है। अब तक घोषित नतीजों में दोनों पक्षों को 4-4 वार्डों में जीत मिली है, जिससे डलहौजी की राजनीतिक तस्वीर बेहद दिलचस्प हो गई है।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने लिया ऐतिहासिक फैसला, अब जेल से बाहर नहीं आएंगे खतरनाक कैदी, जानें वजह

वार्ड चार में टाई हुआ मुकाबला

सबसे ज्यादा रोमांच वार्ड नंबर-4 को लेकर बना हुआ है, जहां मुकाबला टाई हो गया। दोनों उम्मीदवारों को बराबर मत मिलने के बाद अब इस सीट का फैसला निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया या टॉस के जरिए किया जा सकता है। इस स्थिति ने डलहौजी के चुनाव को प्रदेश का सबसे चर्चित मुकाबला बना दिया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर से वोट डालने निकला बुजुर्ग, पोलिंग बूथ के पास थमी सांसें- सदमे में परिवार

कई निकायों में कांटे की टक्कर

प्रदेश के अलग-अलग नगर निकायों से लगातार परिणाम सामने आ रहे हैं। कहीं भाजपा समर्थित उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं तो कहीं कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी मुकाबले में आगे चल रहे हैं। कई जगह निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी बड़ी बढ़त हासिल कर पारंपरिक राजनीतिक समीकरण बदल दिए हैं।

मतगणना केंद्रों के बाहर समर्थकों की भीड़ जुटी हुई है और हर राउंड के बाद माहौल गर्माता जा रहा है।