चंबा। हिमाचल प्रदेश के CM सुखविंद सिंह सुक्खू ने चंबा दौरे के दौरान एक हेयरकट सैलून वाले को तब चौंका दिया, जब वे खुद उसकी दुकान पर बाल कटवाने पहुंच गए। इस दृश्य ने आसपास मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इस दौरान सीएम सुक्खू ने दुकानदार से उसके जीवन और रोजगार को लेकर खुलकर बातचीत भी की।
ग्राहक की तरह कुर्सी पर बैठे सीएम
चंबा दौरे के दौरान व्यस्त कार्यक्रमों के बीच CM बिना किसी पूर्व सूचना के पुराने बस अड्डे के पास स्थित एक छोटे से हेयरकट सैलून में पहुंच गए। मुख्यमंत्री ने सामान्य ग्राहक की तरह कुर्सी पर बैठकर बाल कटवाए और इस दौरान दुकान संचालक से आत्मीय बातचीत की।
यह भी पढ़ें : मानसून का रौद्र रूप जारी : हिमाचल में टूट रहे पहाड़, 7 जिलों में हाई अलर्ट
दुकानदार से की बातें
दुकानदार विनोद ने बताया कि CM ने सबसे पहले उनके परिवार और आजीविका के बारे में पूछा। बातचीत के दौरान उन्होंने यह जानना चाहा कि दुकान से होने वाली आय से परिवार का खर्च ठीक तरह चल पा रहा है या नहीं।
रोजगार की चिंता भी सुनी
बातचीत के दौरान विनोद ने CM को बताया कि पहले पुराने बस अड्डे के कारण दुकान पर ग्राहकों की अच्छी आवाजाही रहती थी, लेकिन बस अड्डा स्थानांतरित होने के बाद कारोबार काफी प्रभावित हुआ है। ग्राहकों की संख्या कम होने से आय भी पहले जैसी नहीं रही।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में भूकंप : सुबह-सवेरे डोली धरती, घरों से बाहर भागे लोग- क्या आपने महसूस किए झटके
25 पक्की दुकानों की योजना
CM ने उनकी बात ध्यान से सुनी और आश्वासन दिया कि क्षेत्र में खोखा संचालकों के लिए स्थायी दुकानों की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि लगभग 25 पक्की दुकानें बनाने की योजना पर काम किया जाएगा, ताकि छोटे कारोबारियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
CM ने दुकानदार को दिए 500 रुपये
बाल कटवाने के बाद जब CM ने भुगतान करना चाहा तो विनोद ने पैसे लेने से मना कर दिया। हालांकि, CM ने आग्रह करते हुए अपनी जेब से 500 रुपये निकालकर उन्हें दिए। इसके बाद उन्होंने अपने सिर पर पहनी हुई हिमाचली टोपी भी विनोद को स्मृति स्वरूप भेंट कर दी।
यह भी पढ़ें : सावन 2026 : पहले सोमवार का व्रत आज, जानिए कैसे करें महादेव को प्रसन्न
यादगार बन गया यह पल
विनोद ने कहा कि CM का उनकी दुकान पर आना उनके लिए किसी सम्मान से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि यह अनुभव उनकी जिंदगी की सबसे यादगार घटनाओं में से एक रहेगा। CM के इस संक्षिप्त प्रवास के दौरान स्थानीय विधायक नीरज नैयर और जिला प्रशासन के अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।
