शिमला। हिमाचल प्रदेश की सबसे ऊंची चोटियों में से एक चूड़धार की यात्रा पर निकले चंडीगढ़ के एक युगल को बुधवार सुबह रेस्क्यू कर लिया गया है। दोनों मंगलवार देर रात घने कोहरे और खराब मौसम के कारण भटक गए थे। शिमला और सिरमौर जिले की पुलिस उन्हें रात भर तलाशती रही।

चंडीगढ़ से आया था ग्रुप

ये दोनों चंडीगढ़ से इस यात्रा के लिए निकले पर्यटकों के समूह का हिस्सा थे, जो चोटी तक पहुंच गया, लेकिन वापसी के समय दोनों पर्यटक रास्ता भटक गए थे। इनके भटकने की खबर ग्रुप के ही एक सदस्य ने मंगलवार देर रात चौपाल पुलिस को हेल्पलाइन नंबर 112 पर दी।

यह भी पढ़ें : कांग्रेस पर भड़के अनुराग ठाकुर, बोले- पाकिस्तान के बोल बोलना बंद करें कांग्रेसी

सूचना देने वाले धीरज ने पुलिस को बताया कि चंडीगढ़ से 5-6 दोस्त चूड़धार की यात्रा पर निकले थे। वापसी के समय शुभम और प्रभजोत रास्ता भटक गए और अब उनके मोबाइल भी बंद मिल रहे हैं।

रात को भटके, सुबह मिले

सूचना मिलते ही चौपाल पुलिस ने तुरंत बचाव दलों को घटनास्थल की ओर रवाना किया। पुलिस ने मंदिर के पास रहने वाले विक्की शर्मा से भी संपर्क साधकर दोनों यात्रियों को तलाशने के लिए मदद मांगी। नौहराधार पुलिस चौकी को भी तत्काल अलर्ट जारी किया गया। रातभर चले सर्च अभियान के बाद बुधवार सुबह दोनों लापता पर्यटकों को सुरक्षित खोज लिया गया।

यह भी पढ़ें : बीच बाजार युवकों ने दुकानदार पर बरसाए लात-घूसे, वीडियो बनाते रहे लोग- कोई नहीं आया बचाने

कोहरे और खराब मौसम में गुम हुए

पुलिस के अनुसार, इलाके में घना कोहरा छाया हुआ है। साथ ही लगातार मौसम खराब हो रहा है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन कामयाब रहा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दोनों पर्यटकों की हालत सामान्य है। पुलिस ने उनके परिजनों को भी सूचना दे दी है।

पुलिस ने पर्यटकों से की अपील

पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि चूड़धार जैसे दुर्गम इलाकों की यात्रा समूह में करें, मौसम की जानकारी अवश्य लें और ट्रेकिंग के दौरान मोबाइल नेटवर्क की सीमाओं व रास्तों की कठिनाईयों को ध्यान में रखें। चूड़धार मंदिर  समुद्रतल से लगभग 11,965 फुट की ऊंचाई पर स्थित है। यहां हर साल हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन घने जंगलों और कठिन ट्रैकिंग मार्गों के कारण कई बार यात्री रास्ता भूल जाते हैं, जिससे उनके लिए यात्रा जोखिमपूर्ण हो जाती है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें