कांगड़ा। वीरों की धरती कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। कांगड़ा जिले के जवाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत नाना खास निवासी BSF के इंस्पेक्टर जनक राज चौहान का ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन हो गया।

जनक राज का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

इस खबर के सामने आते ही न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। कल दोपहर बाद जनक राज की पार्थिव देह उनके घर पहुंची- जहां कुछ देर रखने के बाद उनको अंतिम विदाई दी गई। जनक राज का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: दो बच्चों की मां शादीशुदा प्रेमी संग हो गई फरार, मैसेज भेज कहा - अब हम कभी नहीं लौटेंगे

श्रीनगर में तैनात थे जनक राज

जानकारी के अनुसार, जनक राज चौहान वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तैनात थे। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद साथी जवानों ने बिना देर किए उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

अचानक बिगड़ गई तबीयत

चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ले ली। देश की सुरक्षा में समर्पित एक जांबाज अधिकारी का इस तरह अचानक दुनिया छोड़ जाना हर किसी को झकझोर गया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में एक और म*र्डर: गला रे.त कर मौ*त के घाट उतारा 45 वर्षीय लोहार; पुलिस जांच में जुटी

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

जैसे ही उनके निधन की सूचना गांव और परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। पत्नी का सुहाग उजड़ गया तो वहीं दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। परिवार के लिए यह क्षति ऐसी है जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी। रिश्तेदारों और शुभचिंतकों का लगातार परिवार के घर पहुंचने का सिलसिला जारी है। हर किसी की आंखें नम हैं और लोग दिवंगत जवान के परिवार को ढांढस बंधाने का प्रयास कर रहे हैं।

गांव में पसरा मातम, हर आंख नम

नाना खास गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार जनक राज चौहान बेहद सरल, मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के व्यक्ति थे। वह जब भी छुट्टियों में गांव आते थे, लोगों से आत्मीयता के साथ मिलते थे और युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित करते थे।उनके असामयिक निधन से पूरे क्षेत्र ने एक सम्मानित और लोकप्रिय व्यक्तित्व को खो दिया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: ससुराल जा रहे दंपति की मौ*त, पैर फिसलने से खाई में गिर रहे पति को बचाते पत्नी भी गिरी

प्रदेश ने खोया एक बहादुर बेटा

जनक राज चौहान का निधन केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश की अपूरणीय क्षति है। एक ओर जहां प्रदेश ने अपना एक बहादुर जवान खो दिया है, वहीं दो बच्चों ने अपने पिता को और एक पत्नी ने अपने जीवनसाथी को खो दिया है। देश सेवा के प्रति समर्पित इस वीर सपूत की कमी हमेशा महसूस की जाएगी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करे तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दे।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।