शिमला। हिमाचल प्रदेश में बैंक कर्मचारी दो दिन की हड़ताल पर जा रहे हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर देश भर के बैंक कर्मचारियों ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान कर दिया है। इस हड़ताल से जहां प्रदेश सरकार को करोड़ों का नुकसान होगा, वहीं आम जनता को भी बैंक से जुड़े कार्यों में परेशानी आ सकती है। इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल में लगभग 10 लाख बैंक कर्मचारी और अधिकारी शामिल होंगे।

दो दिन की हड़ताल पर जाएंगे बैंक कर्मचारी

दरअसल अपनी मांगों को लेकर देश भर के बैंक कर्मचारी 24 और 25 मार्च को हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान पूरे हिमाचल की सभी बैंक शाखाएं भी बंद रहेंगी। इस हड़ताल का असर पूरे हिमाचल में भी देखने को मिलेगा। ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के हिमाचल प्रदेश राज्य महासचिव प्रदीप कौंडल और अन्य बैंक यूनियन नेताओं ने बताया कि दो दिन देश भर के बैंक कर्मचारी सड़कों पर उतरेंगे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे।

 

यह भी पढ़ें : ICU से बाहर आए PSO ने बताया-गो*लियां लगने के बाद भी कैसे बचाए बंबर ठाकुर

क्या हैं बैंक कर्मचारियों की मांगे

हड़ताल पर जा रहे बैंक कर्मचारियों की मांग है कि पांच दिवसीय बैंक सप्ताह की सहमति का तत्काल क्रियान्वयन किया जाए। इसके अलावा बैंकों में खाली पड़े पदों को जल्द से जल्द भरा जाए। बैंक कर्मचारियों का कहना है कि बैंकों में कई पद खाली चल रहे हैं। जिससे अन्य बैंक कर्मचारियों पर काम का बोझ बढ़ रहा है। बैंक कर्मचारियों का कहना है कि सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से ले और जल्द ही फाइव डे वीक और रिक्त पदों पर भर्ती की जाए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: ना पैट्रोल पंप मिला ना तेल- लाखों लूट गया शातिर, थाने पहुंचा मामला

सरकार को होगा करेाड़ों का नुकसान

वहीं मार्च माह के अंत दो दिन बैंक बंद रहने से सरकार को करोड़ों का नुकसान होने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि मार्च माह वित्त वर्ष का अंतिम माह होता है और इसमें पूरे साल का लेखा जोखा किया जाता है। ऐसे में मार्च माह के अंत में दो दिन की हड़ताल से सरकार को करोड़ों का नुकसान हो सकता है। इसके अलावा बैंकिंग सेवाओं के लिए आम जनता को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। 

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें