#अपराध
March 20, 2025
हिमाचल: ना पैट्रोल पंप मिला ना तेल- लाखों लूट गया शातिर, थाने पहुंचा मामला
पेट्रोल पंप की डीलरशिप के नाम पर 13.9 लाख रुपए की ठगी
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पेट्रोल पंप खोलने के नाम पर एक व्यक्ति से 13.9 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जालसाज ने खुद को कंपनी का अधिकृत प्रतिनिधि बताकर व्यक्ति को झांसे में लिया और धीरे-धीरे बड़ी रकम ऐंठ ली। जब कई दिनों तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
मंडी जिले के खुडंला निवासी आशीष पुत्र मनोज कुमार ने अपनी मां के नाम पर पेट्रोल पंप खोलने की योजना बनाई थी। इसके लिए उन्होंने इंटरनेट पर जियो कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन किया। अगले ही दिन उन्हें एक फोन कॉल आया, जिसमें एक व्यक्ति ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए पेट्रोल पंप की डीलरशिप दिलाने का आश्वासन दिया।
यह भी पढ़ें : ICU से बाहर आए PSO ने बताया-गोलियां लगने के बाद भी कैसे बचाए बंबर ठाकुर
इसके बाद आरोपी ने पहले दस्तावेजों की मांग की और फिर धीरे-धीरे पैसे जमा करवाने का दबाव बनाया। आशीष ने भरोसा कर कई बार आरोपी द्वारा बताए गए बैंक खाते में कुल 13.9 लाख रुपये जमा कर दिए। लेकिन, पैसे भेजने के बाद जब कई दिनों तक कोई संपर्क नहीं हुआ, तो उन्हें ठगी का शक हुआ।
आशीष ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस थाना हटली को दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस मामले से स्पष्ट है कि साइबर ठग विभिन्न तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर बड़ी रकम हड़प लेते हैं। ऐसे में कुछ अहम बिंदुओं पर ध्यान देना जरूरी है:
- आधिकारिक वेबसाइट पर ही आवेदन करें और वहां दिए गए संपर्क नंबरों से ही सत्यापन करें।
- किसी भी अनजान कॉल पर भरोसा न करें और पहले कंपनी से सीधे संपर्क कर जानकारी लें।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बिलासपुर की बाइक का किन्नौर में कटा चालान, मालिक बोला- मैं तो कभी गया ही नहीं
- पेट्रोल पंप या किसी अन्य व्यवसाय की डीलरशिप के लिए पहले कंपनी के नियम और शर्तों को भली-भांति समझें।
- बिना सत्यापन के किसी भी व्यक्ति के खाते में बड़ी रकम ट्रांसफर न करें।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह की धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना दें। वहीं, पुलिस इस मामले में आरोपी की पहचान करने और उसे पकड़ने के लिए जांच में जुट गई है।