बिलासपुर। वीरभूमि हिमाचल प्रदेश ने देश की रक्षा में तैनात अपना एक बहादुर सपूत खो दिया है। सरहद पर देश की रक्षा करते हुए हिमाचल के जवान संदीप कुमार ने महज 35 वर्ष की आयु में दुनिया को अलविदा कह दिया। अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से उनका निधन हो गया। जवान के निधन की दुखद खबर जैसे ही बिलासपुर जिले के उनके पैतृक गांव खमेड़ा कलां पहुंचीए पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में कुछ समय पहले तक बेटे के लौटने और परिवार के साथ खुशियां बांटने की उम्मीदें थींए वहां अब मातम पसरा हुआ है।

कहां के रहने वाले थे जवान संदीप कुमार

मृतक जवान संदीप कुमार बिलासपुर जिले के झंडूता विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत घराण के गांव खमेड़ा कलां के निवासी थे। वह नानक चंद के पुत्र थे। करीब 35 वर्षीय संदीप कुमार भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे थे और वर्तमान में उनकी तैनाती अरुणाचल प्रदेश में थी। उनके निधन की सूचना मिलते ही गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल बन गया। ग्रामीणों के लिए यह खबर किसी बड़े सदमे से कम नहीं है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल की 'लुटेरी दुल्हन' केस में सबसे बड़ा खुलासा: अभी 18 साल की भी नहीं हुई थी लड़की

2010 में सेना में हुए थे भर्ती

संदीप कुमार ने वर्ष 2010 में भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सफर शुरू किया था। करीब 16 वर्षों से वह सैन्य सेवा में अपना योगदान दे रहे थे। परिवार और क्षेत्र के लोगों को उनकी बहादुरी और देश के प्रति समर्पण पर गर्व था। ड्यूटी के सिलसिले में वह घर से दूर अरुणाचल प्रदेश में तैनात थे और अपने सैन्य दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे।

उच्च हिमालयी क्षेत्र में बिगड़ी तबीयत

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी के दौरान अचानक संदीप कुमार की तबीयत खराब हो गई। बताया जा रहा है कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में ऑक्सीजन का स्तर कम होने के कारण उन्हें सांस लेने में गंभीर परेशानी हुई। इसी दौरान उनका निधन हो गया। हालांकि, उनकी मृत्यु के सटीक कारणों को लेकर सेना की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में HPPCB की बड़ी कार्रवाई: 12 अवैध स्टोन क्रशरों की बिजली काटने के दिए निर्देश

छुट्टी बिताकर अगस्त में लौटे थे ड्यूटी पर

परिजनों के अनुसार संदीप कुमार बीते जून महीने में छुट्टी लेकर घर आए थे। इस दौरान उन्होंने करीब 45 दिन अपने परिवार के साथ बिताए। परिवार के साथ समय बिताने के बाद अगस्त में वह दोबारा अपनी ड्यूटी पर लौट गए थे। किसी ने सोचा भी नहीं था कि देश की सेवा में वापस लौटने के कुछ समय बाद ही उनके निधन की खबर परिवार को इस तरह तोड़कर रख देगी।

जवान बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

संदीप कुमार विवाहित थे, लेकिन उनकी अभी कोई संतान नहीं थी। उनके असमय निधन से पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बेटे को परिवार ने बड़े अरमानों के साथ देश की सेवा के लिए सेना में भेजा था, उसी बेटे के पार्थिव शरीर का इंतजार करना पड़ेगा, यह किसी भी परिवार के लिए असहनीय पीड़ा है। जवान की मौत से पूरे परिवार में मातम छाया हुआ है।

 

यह भी पढ़ें : छुट्टी के दिन सचिवालय पहुंचे CM सुक्खू, नई भर्तियों और कैबिनेट बैठक की तैयारियों का लिया जायजा

12 नवंबर को गांव पहुंचेगी पार्थिव देह

जानकारी के अनुसार संदीप कुमार का पार्थिव शरीर 12 नवंबर को उनके पैतृक गांव खमेड़ा कलां पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। गांव के लोग और क्षेत्रवासी अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन करने के लिए इंतजार कर रहे हैं। जिस जवान ने वर्षों तक देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया, उसे अंतिम विदाई देने के लिए पूरा क्षेत्र एकजुट होगा।

पंचायत प्रधान ने जताया शोक

ग्राम पंचायत घराण की प्रधान पूनम ठाकुर ने संदीप कुमार के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जवान का असमय निधन केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी पंचायत और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें