शिमला | ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। पाकिस्तान ने गुरुवार रात लगातार दूसरे दिन भारत के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए ड्रोन और मिसाइल हमले किए, लेकिन भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने उन्हें हवा में ही नष्ट कर दिया। जम्मू, पठानकोट, राजस्थान और पंजाब सीमा पर हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।

 

रक्षा मंत्री कर रहे हैं हाई लेवल मीटिंग 

 

इन सबके बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने CDS और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर हालात की समीक्षा की है। सीमाओं पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और सभी रणनीतिक ठिकानों पर निगरानी कड़ी कर दी गई है।

 

तनाव की इस स्थिति में दोनों देशों के बीच किसी भी वक्त टकराव और तेज़ होने की आशंका जताई जा रही है।

 

पाकिस्तानी F-16 को मार गिराया गया 

 

जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से जम्मू एयरपोर्ट और पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पर आत्मघाती ड्रोन हमले किए गए। हालांकि, भारतीय सेना की मुस्तैदी से इन खतरों को समय रहते नाकाम कर दिया गया। इसी दौरान जम्मू के पास एक पाकिस्तानी F-16 लड़ाकू विमान को भी मार गिराया गया है।

 

हर मोर्चे पर डटी हुई है सेना 

 

आरएसपुरा, सांबा, सतवारी और अरनिया सेक्टरों में पाकिस्तानी सेना ने आठ से ज्यादा मिसाइलें दागीं, जिनमें से सभी को भारतीय S-400 मिसाइल सिस्टम ने इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया। एलओसी के पास कुपवाड़ा, बारामूला और उरी सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से भारी आर्टिलरी फायरिंग जारी है, जिसका भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है। 

 

सेना की सुरक्षा ढाल इसलिए है मजबूत 

 

भारतीय सेना ने ड्रोन हमलों को नाकाम करने के लिए अब L-70, ZSU-23 और शिल्का जैसे एंटी-ड्रोन हथियार सक्रिय कर दिए हैं, जो कम ऊंचाई पर उड़ रहे लक्ष्यों को तुरंत भेदने में सक्षम हैं। इसके साथ ही अत्याधुनिक सुदर्शन चक्र एयर डिफेंस सिस्टम को भी राजस्थान के पोकरण सेक्टर में तैनात किया गया है, जिसने पाकिस्तान की ओर से दागी गई एक मिसाइल को लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही ध्वस्त कर दिया।