कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक दुखद मामला सामने आया है। लंबागांव क्षेत्र की अपर लंबागांव पंचायत के जगणी गांव में मंगलवार सुबह 34 वर्षीय महिला घर के बाथरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में बेसुध मिली। परिजन आनन-फानन में उसे जयसिंहपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है। इस घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। उसका बेटा सातवीं कक्षा में पढ़ता है, जबकि बेटी पहली कक्षा की छात्रा है। मां की अचानक मौत से दोनों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया है। परिवार के लिए यह दुखद घटना गहरा सदमा बनकर सामने आई है।
बाथरूम में बेसुध मिली थी महिला
मृतका की पहचान ज्योति कुमारी (34) पत्नी नरेंद्र कुमार निवासी गांव जगणी, डाकघर अपर लंबागांव के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह ज्योति की सास किसी काम से गांव के एक अन्य घर गई हुई थीं। वहीं, उनके ससुर भैंसों को लेकर घासनियों में गए थे। ज्योति के पति नरेंद्र कुमार जयसिंहपुर अस्पताल में एंबुलेंस चालक के पद पर कार्यरत हैं और घटना के समय ड्यूटी पर थे। सुबह करीब 10 बजे जब सास घर वापस लौटीं तो उन्हें ज्योति कहीं दिखाई नहीं दीं। उन्होंने आवाज लगाकर बहू को तलाशने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद जब वह बाथरूम की तरफ गईं तो ज्योति वहां बेसुध अवस्था में पड़ी मिलीं। बहू को इस हालत में देखकर सास घबरा गईं और उन्होंने तुरंत आसपास के पड़ोसियों को बुलाया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बर्थडे के दिन घर से कुछ दूर मर्चेंट नेवी जवान को वाहन ने रौंदा, गर्भवती पत्नी का उजड़ा संसार
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की जानकारी ज्योति के पति को फोन के माध्यम से दी गई। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस के जरिए जयसिंहपुर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की अचानक हुई मौत से परिजन और आसपास के लोग स्तब्ध हैं। बताया गया है कि ज्योति का मायका लंबागांव क्षेत्र के ठेहड़ू गांव में है। उनके मायके वाले वर्तमान में पंजाब के संगरूर में रहते हैं। घटना के समय दोनों बच्चे अपने ताया-ताई के साथ जालंधर गए हुए थे।
यह भी पढ़ें : घर दिवाली मनाकर ड्यूटी पर जा रहे हिमाचल के 22 वर्षीय युवक को फॉर्च्यूनर ने रौंदा, थमी सांसें
मौत के कारणों का पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा पता
महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है। सूचना मिलने के बाद लंबागांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। फिलहाल 34 वर्षीय महिला की अचानक मौत से जगणी गांव में शोक का माहौल है। सबसे अधिक पीड़ा उन दो मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर है, जिन्हें इतनी कम उम्र में मां का साथ खोना पड़ा है।
